सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Bihar ›   people created ruckus during police raid two injured in Supaul Bihar police investigation

Bihar: सुपौल में पुलिस टीम पर रात में हमला, महिला जवान की राइफल छीनी, गाड़ी फूंकी; तोड़फोड़ से मचा हड़कंप

न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सुपौल Published by: कोसी ब्यूरो Updated Sun, 24 May 2026 03:31 PM IST
विज्ञापन
सार

Bihar: सुपौल के राघोपुर थाना क्षेत्र में शराबियों के हंगामे की सूचना पर पहुंची पुलिस टीम पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया। घटना में एक एएसआई और महिला होमगार्ड जवान घायल हो गए, जबकि सरकारी वाहन में भी तोड़फोड़ की गई। महिला जवान की राइफल छीने जाने की चर्चा के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।  

people created ruckus during police raid two injured in Supaul Bihar police investigation
राघोपुर थाना
विज्ञापन

विस्तार

सुपौल जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत राघोपुर पंचायत के महादलित टोला में शनिवार देर रात पुलिस टीम पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया। घटना में एक एएसआई और एक महिला होमगार्ड जवान घायल हो गईं। घटना के दौरान सरकारी वाहन को भी नुकसान पहुंचाया गया। वहीं महिला होमगार्ड की राइफल छीने जाने की चर्चा से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। हालांकि, इस संबंध में पुलिस प्रशासन की ओर से पहले कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई थी।



हंगामा किए जाने की सूचना पर पहुंची थी पुलिस 
जानकारी के अनुसार, शनिवार रात करीब 11:30 बजे राघोपुर थाने की पुलिस टीम शराबियों द्वारा हंगामा किए जाने की सूचना पर महादलित टोला पहुंची थी। इसी दौरान पुलिस और कुछ स्थानीय लोगों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते स्थिति तनावपूर्ण हो गई और कुछ लोगों ने पुलिस टीम पर हमला कर दिया। हमले में राघोपुर थाना में पदस्थापित एएसआई अंजय कुमार तथा महिला होमगार्ड काजल कुमारी घायल हो गईं। दोनों को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
विज्ञापन
विज्ञापन


एएसआई के सिर में गंभीर चोट, लगे कई टांके
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमा सक्रिय हो गया। राघोपुर थाना पुलिस ने वरीय अधिकारियों को मामले की जानकारी दी, जिसके बाद आसपास के कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। वीरपुर एसडीपीओ सुरेंद्र कुमार और पुलिस अधीक्षक शरथ आरएस भी भारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। देर रात तक पूरे इलाके में पुलिस बल की तैनाती रही और गांव पुलिस छावनी में तब्दील हो गया।
विज्ञापन
Trending Videos


आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू
पुलिस ने क्षेत्र में गश्त बढ़ाते हुए आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी। घायल दोनों पुलिसकर्मियों को तत्काल राघोपुर रेफरल अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल के चिकित्सकों ने बताया कि रात करीब 12 बजे दोनों घायल इलाज के लिए पहुंचे थे। एएसआई अंजय कुमार के सिर में गंभीर चोट लगी थी और काफी रक्तस्राव हुआ था। चिकित्सकों ने उनके सिर पर पांच से छह टांके लगाए। हाथ में भी चोट के निशान पाए गए। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी स्थिति स्थिर बताई गई, लेकिन सिर में चोट को देखते हुए एनसीसीटी जांच कराने की सलाह दी गई है। वहीं महिला होमगार्ड काजल कुमारी के कंधे में चोट आई है। उनकी स्थिति सामान्य बताई गई है और एक्स-रे कराने की सलाह दी गई है।

सरकारी गाड़ी में भी की गई तोड़फोड़
घटना के दौरान सरकारी वाहन को भी नुकसान पहुंचाया गया। बताया जा रहा है कि आक्रोशित लोगों ने वाहन पर हमला कर उसे क्षतिग्रस्त कर दिया। नुकसान की वास्तविक स्थिति को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है। स्थानीय स्तर पर यह भी चर्चा है कि महिला होमगार्ड की राइफल हमलावरों ने छीन ली थी, जिसे बाद में खेत या झाड़ियों के पास से बरामद किया गया।

ग्रामीणों ने पुलिस पर लगाए मारपीट के आरोप
घटना को लेकर स्थानीय लोगों के भी अलग-अलग दावे सामने आए हैं। कुछ ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि बाद में पहुंची पुलिस ने कई घरों में प्रवेश कर लोगों के साथ मारपीट की और संपत्ति को नुकसान पहुंचाया। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है। वीरपुर एसडीपीओ सुरेंद्र कुमार ने बताया कि घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। एक एएसआई और एक महिला पुलिस जवान घायल हुई हैं। मामले की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस वीडियो फुटेज, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर हमलावरों की पहचान में जुटी हुई है।

'उपद्रवियों की सजा पूरे गांव को मिली'
ग्रामीणों का आरोप है कि कुछ उपद्रवियों के किए की सजा पूरे गांव को भुगतनी पड़ी। स्थानीय निवासी रिंकू देवी ने बताया कि पुलिस टीम जब पहली बार पहुंची तो शराबियों का हंगामा देखकर सभी को जांच के लिए बुलाने लगी। इसी बीच कुछ युवकों ने पुलिस टीम पर हमला कर दिया। उनका आरोप है कि इसके कुछ देर बाद 8 से 10 गाड़ियों में पुलिस बल मौके पर पहुंचा और जबरन घरों में घुसकर लोगों के साथ मारपीट की। कुछ महिलाओं ने पुलिस पर लूटपाट के भी आरोप लगाए हैं।

ये भी पढ़ें: देवर ही निकला दरिंदा! चार दोस्तों के साथ घर का ताला तोड़कर घुसा अंदर, भाभी से की दरिंदगी की कोशिश

'8-10 लोगों की गिरफ्तारी'
सुपौल एसपी शरथ आरएस ने बताया कि रात में हुई इस घटना में दो पुलिसकर्मी घायल हुए हैं, जिनका इलाज कराया जा रहा है। महिला जवान से छीनी गई राइफल को भी बरामद कर लिया गया है। मामले में थानाध्यक्ष को कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि फिलहाल 8 से 10 लोगों को गिरफ्तार किया गया है और आगे की कार्रवाई जारी है। वीरपुर एसडीपीओ लगातार मामले पर नजर बनाए हुए हैं।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

एप में पढ़ें

Followed