{"_id":"6a1d970341811835ed05ef82","slug":"rjd-party-targeted-samrat-chaudhary-government-rabri-devi-residence-issue-patna-bihar-news-nda-party-2026-06-01","type":"story","status":"publish","title_hn":"Bihar: 'प्रधानमंत्री से बड़ा बिहार के मुख्यमंत्री का घर'- राबड़ी आवास पर रार देख राजद ने किया दावा, सूची भी दी","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Bihar: 'प्रधानमंत्री से बड़ा बिहार के मुख्यमंत्री का घर'- राबड़ी आवास पर रार देख राजद ने किया दावा, सूची भी दी
न्यूज़ डेस्क, अमर उजाला, पटना
Published by: Krishan Ballabh Narayan
Updated Mon, 01 Jun 2026 07:58 PM IST
विज्ञापन
सार
Bihar : राबड़ी आवास खाली कराने के मुद्दे पर राजनीति शुरू हो गई है। इसको लेकर राजद ने सरकार से 22 तीखे सवाल पूछते हुए सख्त चेतावनी दी है कि अगर ऐसी ही द्वेषपूर्ण राजनीति चलती रही, तो उनके नेता अपने आवास और सुरक्षा सरकार को वापस सौंप देंगे।
राबड़ी आवास
- फोटो : अमर उजाला
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विज्ञापन
विस्तार
बिहार में सरकारी आवासों के आवंटन को लेकर सियासत पूरी तरह गरमा गई है। राष्ट्रीय जनता दल ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और एनडीए सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए गंभीर आरोप लगाए हैं। राजद ने मुख्यमंत्री आवास के विस्तार से लेकर भाजपा -जदयू के नेताओं और सांसदों को नियम ताक पर रखकर बंगले बांटने का आरोप लगाया है। राजद ने इस संबंध में सरकार से 22 तीखे सवाल पूछे हैं और चेतावनी दी है कि अगर ऐसी ही द्वेषपूर्ण राजनीति चलती रही, तो उनके नेता अपने आवास और सुरक्षा सरकार को वापस सौंप देंगे।
क्या लिखा राजद ने ?
राजद ने लिखा है कि, मुख्यमंत्री बनने के बाद नौसिखिए सीएम सम्राट चौधरी ने अगल-बगल के बंगले मिला लिए जिससे सम्राट चौधरी का बंगला अब प्रधानमंत्री से भी बड़ा बंगला है। देश के सबसे गरीब राज्य बिहार के मुख्यमंत्री का बंगला, अब भारत का सबसे बड़ा आलीशान, भव्य और सात सितारा सरकारी बंगला है। क्या सम्राट चौधरी को शर्म आती है कि सबसे पिछड़े और गरीब राज्य के CM को आवासीय कार्यालय में बैठने और सोने के लिए 15 एकड़ जमीन यानि 24 बीघा यानि 480 कट्टा जमीन चाहिए?
विज्ञापन
विज्ञापन
यह खबर भी पढ़ें-Bihar: तेजस्वी यादव को यह क्या संदेश दे रहा राजद कार्यालय के बाहर लगा पोस्टर? लालू के साथ रोहिणी और यह मैसेज!
Trending Videos
सम्राट चौधरी से हमारे कुछ सवाल है वो स्वयं इसका जवाब दें कि:-
1. सम्राट चौधरी ने उपमुख्यमंत्री के लिए कर्णांकित 5, देशरत्न मार्ग को 1 अणे मार्ग में क्यों मिलाया? 2019 में पटना हाईकोर्ट में बिहार सरकार ने लिखित में बताया था कि यह बंगला उपमुख्यमंत्री के नाम कर्णांकित है। अब किस नियम के तहत सम्राट चौधरी ने इस आवास को 1 अणे मार्ग में मिलाया?
2. क्या सम्राट चौधरी ने मुख्यमंत्री आवास का नाम बदल कर "लोक सेवक आवास" इसलिए किया ताकि अगल-बगल के अनेक बंगलों को इसमें मिलाकर सैकड़ों कट्टा जमीन पर जनता के पैसे से विलासिता से परिपूर्ण जीवन जी सके?
3. बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन से 3, टेलर रोड क्यों नहीं छुड़वाया? क्या यह सच नहीं है कि 3, टेलर रोड आवास को अभी कुछ दिन पूर्व ही किसान आयोग के अध्यक्ष के नाम से आवंटित किया है लेकिन आवास नितिन नबीन के ही कब्जे में है? किसान आयोग के अध्यक्ष को इतना बड़ा बंगला दिया गया है तो उसमें आवासीय क्यों नहीं है?
4. तरैया के विधायक जनक सिंह को मंत्री का आवास 28/10 हार्डिंग रोड क्यों दिया गया है?
5. पूर्व विधायक ज्ञानेंद्र सिंह ज्ञानू को किस हैसियत से 23/10 आवंटित किया गया है? उसका आवास खाली क्यों नहीं कराया गया?
6. सांसद देवेश चंद्र ठाकुर को 1, टेलर रोड बंगला किस हैसियत से आवंटित किया गया है? MLC पद छोड़े हुए उन्हें दो साल से अधिक का समय हो चुका है लेकिन सम्राट चौधरी डर के मारे उनसे खाली नहीं करा सकता?
यह खबर भी पढ़ें-Bihar : विधान परिषद् चुनाव में दोनों तरफ रार, राजद में परिवार के अंदर बवाल, NDA में दलों के अंदर सवाल-दर-सवाल
7. पूर्व मंत्री राजू सिंह को 11/13, मैंगल्स रोड, किस हैसियत से आवंटित किया गया है?
8. करणजीत सिंह विधायक को हार्डिंग रोड आवास किस हैसियत से आवंटित किया गया है?
9. मनोरमा देवी को 20/बी, हार्डिंग रोड किस हैसियत से आवंटित किया गया है?
10. पूर्व मंत्री कृष्ण कुमार मंटू को 17, हार्डिंग रोड किस हैसियत से आवंटित किया गया है?
11. दीपक कुमार (रिटायर्ड आई.ए.एस. ऑफिसर) को किस हैसियत से 3, पोलो रोड जैसा बड़ा बंगला आवंटित किया गया है?
12. सांसद संजय झा किस हैसियत से एम. स्टैंड रोड के सरकारी आवास में रहते हैं?
13. क्या सांसद उपेन्द्र कुशवाहा 24 एम स्ट्रैंड रोड में 2023 से ही अनाधिकृत रूप से नहीं रह रहे हैं? क्या कभी उन्हें आवास खाली करने के लिए नोटिस दिया गया? उपेन्द्र कुशवाहा की पत्नी और बेटे के नाम से दो अलग आवास और आवंटित है। उपेंद्र कुशवाहा परिवार को तीन आवास क्यों आवंटित किए गए हैं?
14. क्या सभी विधायक जो केंद्रीय पूल के बंगलों में अनाधिकृत रूप से रह रहे हैं उन्हें MLA फ्लैट में भी अलग से आवास आवंटित नहीं किया गया हैं?
15. आयोगों के कितने सदस्यों को विपक्षी विधायकों से बड़े आवास दिए गए है इसकी सूची भी सार्वजनिक करे।
16. जेडीयू की IT cell और उसके मुखिया किस हैसियत से सरकारी आवास से कार्यालय चला रहे है? वो आवास किसके नाम आवंटित है?
17. मंत्री नंदकिशोर राम को इसी सरकार ने 11 मई को 21 हार्डिंग रोड, आवास आवंटित किया था, फिर उसी मंत्री को दुबारा 27 मई को 10 सर्कुलर आवास आवंटित क्यों किया गया? क्या इस विवाद में डालने के लिए एक दलित मंत्री की आड़ ली जा रही है?
18. जीतनराम मांझी और नीतीश कुमार दोनों पूर्व मुख्यमंत्री हैं। दोनों के नाम से बंगला आवंटित है, जबकि दोनों सांसद भी हैं। कोर्ट का आदेश है कि पूर्व मुख्यमंत्री को बंगला आवंटित नहीं किया जा सकता तो फिर अब नीतीश कुमार और जीतनराम मांझी के बिहार विधानमंडल का सदस्य नहीं रहने के बावजूद पटना में बंगला आवंटित क्यों किया गया है?
19. सम्राट चौधरी को अब यह बताना चाहिए कि इन दोनों को किस हैसियत से पटना में भी और दिल्ली में भी बंगला आवंटित है? यदि दोनों को पूर्व मुख्यमंत्री के रूप में बंगला आवंटित है तो लालू जी को पूर्व मुख्यमंत्री के रूप में बंगला क्यों नहीं मिलना चाहिए? सर्वविदित है कि लालू जी और राबड़ी जी दोनों पूर्व मुख्यमंत्री है लेकिन आवास एक ही आवंटित है।
20. अगर सरकार आदरणीया राबड़ी देवी जी को नेता प्रतिपक्ष के रूप में नया बंगला आवंटित करती है तो भी श्री लालू यादव पूर्व मुख्यमंत्री के नाते आवास के अधिकारी हैं ही। सम्राट चौधरी अपनी सहूलियत अनुसार नियम नहीं बना सकते।
21. अगर मंत्री संतोष सुमन और उनकी विधायक पत्नी दीपा कुमारी को अलग-अलग बंगला आवंटित है तो लालू जी और राबड़ी देवी जी को अलग-अलग दो बंगले आवंटित क्यों नहीं हो सकते हैं?
22. सम्राट चौधरी को यह बताना चाहिए कि पटना में पांच सांसदों को किस नियमित के तहत बंगले आवंटित किये गये हैं जबकि पांचो सांसदों को दिल्ली में भी बड़े बंगले मिले हुए है। क्या पांचों सांसद अवैध कब्जा करके सरकारी आवास में रह रहे हैं।
राजद ने सरकार पर हमला करते हुए कहा है कि जब महागठबंधन की सरकार थी तो हमने कभी भी ओछी राजनीति नहीं की? भवन निर्माण विभाग तत्कालीन उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव के पास रहने पर भी उन्होंने निवेदन करने पर कभी भी भाजपा के वरीय नेताओं प्रेम कुमार, नंदकिशोर यादव, मंगल पांडे और नितिन नवीन का आवास खाली नहीं कराया था लेकिन सम्राट चौधरी बिहार की राजनीति को अपनी विषैली मानसिकता से दूषित कर रहे हैं। राजद ने कहा कि लोकलाज और स्थापित लोकतांत्रिक मूल्यों और परंपराओं को त्याग कर सम्राट चौधरी अगर ऐसी ही द्वेषपूर्ण निम्नस्तरीय राजनीति करेंगे तो राष्ट्रीय जनता दल के लोग अपना आवास और सुरक्षा सम्राट चौधरी को वापस सौंप देंगे ताकि वो उन सभी आवासों और सुरक्षा को स्वयं के प्रयोग में ला सके।