Rain in Punjab: गुरदासपुर और मुक्तसर में भारी बारिश, छत गिरने से दो घायल, सीएम मान ने किया दौरा
15 जुलाई के बाद गुरुवार को दोपहर बाद एक बार फिर से जमकर बारिश हुई। बारिश से शहर के तमाम बाजारों और मोहल्लों की गलियों में जलभराव हो गया। बेशक इस बारिश से लोगों को उमस भरी गर्मी से बड़ी राहत मिली है, परंतु जलभराव लोगों के लिए आफत भी बना है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पंजाब के मुक्तसर और गुरदासपुर में गुरुवार को झमाझम बरसात हुई। वहीं कई क्षेत्रों में बढ़ जैसे हालात हैं। सीएम भगवंत मान ने गुरुवार को फाजिल्का और मुक्तसर जिलों के बाढ़ प्रभावित गांवों का दौरा किया। वहीं गुरदासपुर जिले में छत गिरने से चाचा-भतीजे के घायल होने की खबर है। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करते वक्त सीएम मान ने कहा कि उनकी सरकार मालवा क्षेत्र से सेम को खत्म करने के लिए एक विस्तृत योजना तैयार कर रही है।
इसके लिए युद्धस्तर पर कार्य शुरू किया जाएगा, ताकि सेम के कारण किसानों के होने वाले नुकसान को रोका जा सके। उन्होंने कहा कि राज्य को सेम से मुक्त करने के लिए पैसों की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी और राज्य सरकार का यह फर्ज बनता है कि सेम की समस्या का अति शीघ्र हल निकाले। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे पंजाब को सेम मुक्त राज्य बनाने में कोई कसर बाकी न छोड़ें।
मुक्तसर में भारी बरसात
15 जुलाई के बाद गुरुवार को दोपहर बाद एक बार फिर से जमकर बारिश हुई। बारिश से शहर के तमाम बाजारों और मोहल्लों की गलियों में जलभराव हो गया। बेशक इस बारिश से लोगों को उमस भरी गर्मी से बड़ी राहत मिली है, परंतु जलभराव लोगों के लिए आफत भी बना है। बाजारों और मोहल्लों की गलियों में पानी भरने से लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
बारिश तीन बजे के करीब शुरू हुई, जोकि लगभग एक घंटा काफी तेजी से होती रही। हालांकि इसके बाद भी शाम तक बूंदाबांदी होती रही। बारिश से शहर के मेन बाजार, रेलवे रोड, बैंक रोड, घास मंडी चौक, अबोहर रोड, बठिंडा रोड, गोनियाना रोड, कोटली रोड, टिब्बी साहिब रोड, शेर सिंह चौक, जलालाबाद रोड, बूड़ा गुज्जर रोड, सदर बाजार, गांधी रोड, बाग वाली गली, कौर चंद स्ट्रीट, गोशाला वाली गली, आदर्श नगर, गांधी नगर, तिलक नगर, जोधू कालोनी, बंब कालोनी, वोहरा कालोनी, थांदेवाला रोड में जलभराव हो गया।
गुरदासपुर: आफत की बारिश, 42.6 एमएम बरसे बादल
गुरदासपुर में पिछले तीन दिन से हो रही बारिश से गर्मी व उमस से तो राहत मिली है लेकिन अब बारिश आफत का रूप धारण करती जा रही है। गुरुवार अलसुबह करीब चार बजे से जारी हल्की बारिश ने दिन निकलते ही तेजी पकड़ ली। सुबह करीब 11 बजे के बाद हुई मूसलाधार बारिश ने जनजीवन अस्त व्यस्त कर दिया। मूसलाधार बारिश से शहर व आसपास के इलाकों की सड़कों में जलभराव से लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। कई इलाकों में पानी लोगों की दुकानों में जा घुसा है। बता दें कि मंगलवार और बुधवार को भी शहर में करीब दो घंटे मूसलाधार बारिश हुई थी। गुरुवार को करीब 42.6 एमएम बारिश रिकॉर्ड की गई। मौसम विभाग के अनुसार अभी दो दिन बारिश के आसार हैं।
बारिश से गिरी छत, चाचा-भतीजा घायल
आदर्श नगर में एक घर की छत गिरने से छह साल का बच्चा और उसका चाचा घायल हो गए। हादसे की सूचना के तुंरत बाद पार्षद सविता शर्मा का बेटा वरुण शर्मा और मोहल्ले के अन्य लोग मौके पर पहुंचे और उन्होंने फौरन चाचा-भतीजे को मलबे से निकाला। दोनों को सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया। सैनी गेस्ट स्ट्रीट निवासी हीरा लाल ने बताया कि वह रंग रोगन का काम करता है, जबकि उसका भाई गौरव भी मजदूरी करता है। इस किराये के मकान में दोनों साथ रहते हैं। आज जब भाई गौरव और सात साल का बेटा जयदीप कमरे में टीवी देख रहे थे तो अचानक बारिश से कमरे की छत गिर गई और चाचा-भतीजा दोनों मलबे में दब गए।
सात गांवों से टूटा संपर्क
बारिश के चलते मकौड़ा पत्तन पर पहले से ही अस्थाई पुल को हटा लिया गया था लेकिन अब वहां चलती एकमात्र कश्ती भी हटा ली गई है। इसके चलते सात गांव के लोग एक टापू पर फंस गए हैं और उनका संपर्क गुरदासपुर से टूट चुका है।