बाइक से टकराया गुलदार, घबराकर भागा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
ऋषिकेश के आईडीपीएल कैनाल रोड पर अचानक आया गुलदार बाइक से टकरा गया। इसके बाद गुलदार जंगल में भाग गया। गनीमत रही कि उसने बाइक सवार पर हमला नहीं किया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
बाइक सवार युवक के सिर पर गहरी चोट आई है। दिनदहाड़े मार्ग पर गुलदार की आमद से राहगीर दहशत में आ गए।
मंगलवार सुबह अनुराग (23) पुत्र उत्तम निवासी कृष्णानगर कालोनी, आईडीपीएल बाइक से श्यामपुर से घर लौट रहा था। बताया जा रहा है कि जैसे ही उसने हाईवे से कैनाल रोड की ओर टर्न किया, तभी सौ मीटर आगे गोल चक्कर से पहले अचानक एक गुलदार बाइक के सामने आ गया। गुलदार से टकराने पर बाइक सवार छिटककर सड़क पर जा गिरा और घायल हो गया।
नहीं किया हमला, बड़ा हादसा टला
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक अचानक बाइक से टक्कर लगते ही गुलदार घबरा गया और जंगल की ओर भागा जिसके चलते बड़ा हादसा टल गया। गुस्से में आकर गुलदार युवक पर धावा बोल सकता था।
दिनदहाड़े मार्ग पर गुलदार की चहलकदमी से लोग खौफजदा हो गए। सूचना पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और घायल को सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद दोपहर छुट्टी दे दी गई।
इनका है कहना
संभवत: गुलदार वीरभद्र बिजली घर से सटे जंगल से निकल आईडीपीएल जंगल की ओर आ रहा होगा, तभी मार्ग से गुजर रही बाइक से टकरा गया होगा। बाइक सवार पर गुलदार ने हमला नहीं किया है। एहतियातन मार्ग के पास जंगल में गुलदार को पकड़ने के लिए पिंजरा लगा दिया है। एक पिंजरा वीरभद्र मार्ग, आवास विकास कालोनी के सामने झाड़ी में लगाया गया है। गश्त बढ़ाई जा रही है।