देहरादून में जमीन महंगी, 80% तक बढ़े दाम
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
राजधानी देहरादून में सोमवार से बढ़े हुए सर्किल रेट लागू हो जाएंगे। सर्किल रेट में बढ़ोतरी के आदेश जारी कर दिए गए हैं, जिसमें यहां के कई हिस्सों में व्यापक वृद्धि की गई है।
राजपुर और चकराता रोड पर 10 से 25 प्रतिशत तक बढ़ोतरी होगी, जबकि अर्द्धनगरीय क्षेत्रों में 50 से 80 प्रतिशत तक वृद्धि की गई है। जानकारों का कहना है कि इससे शहर के बाहरी हिस्सों में भी भूमि के दाम बढ़ जाएंगे।
लंबे समय से सर्किल रेट में वृद्धि की कवायद शासन स्तर पर चल रही थी, जिस पर आखिरकार मुहर लग गई। राजपुर रोड और चकराता रोड में न्यूनतम 10 प्रतिशत और अधिकतम 25 प्रतिशत तक दाम बढ़ाए गए हैं। डालनवाला, न्यू कैंट रोड, सुभाष नगर आदि क्षेत्रों में कोई वृद्धि नहीं की गई है।
अर्द्धनगरीय क्षेत्रों में न्यूनतम 50 और अधिकतम 80 प्रतिशत रेट बढ़े हैं। इससे प्रेमनगर, डोईवाला जैसे क्षेत्रों में जमीन के दाम आसमान छूने लगेंगे। नए सर्किल रेट राजस्व विभाग की वेबसाइट पर सोमवार सुबह अपलोड किए जाएंगे।
प्रमुख मार्गों के साथ भी रेट रिवाइज
राष्ट्रीय राजमार्गों सहित प्रमुख मार्गों के लिए दो श्रेणियां बनाई गई हैं। सड़क मार्ग से 50 मीटर तक की दूरी के लिए अलग रेट रहेंगे, जबकि 350 मीटर दूरी तक के लिए कम रेट होंगे। यह उस क्षेत्र के सामान्य सर्किल रेट से अधिक निर्धारित किया गया है।
कृषि सर्किल रेट समाप्त
अर्द्धनगरीय क्षेत्रों में कृषि सर्किल रेट समाप्त कर दिया गया है। ऐसा पहली बार हुआ। इससे कृषि भूमि की खरीद फरोख्त कम हो जाएगी।
सोमवार से नए सर्किल रेट लागू हो जाएंगे। इस संबंध में आदेश जारी हो गए हैं। सब रजिस्ट्रार कार्यालय में अब बढ़े रेट से भूमि की रजिस्ट्री की जाएगी। कुछ क्षेत्रों में मामूली वृद्धि हुई है, जबकि अधिकतर जगहों पर स्थिति जस की तस है।
- रविनाथ रमन, जिलाधिकारी