{"_id":"cb12e4c0f34954b8e7c6d2bb1b9c7b75","slug":"truck-crushed-father-daughter-and-niece-s-death","type":"story","status":"publish","title_hn":"बाइक पर पलटा ट्रक, पिता-पुत्री-भतीजी की मौत","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
बाइक पर पलटा ट्रक, पिता-पुत्री-भतीजी की मौत
अमर उजाला, गाजियाबाद
Updated Thu, 06 Feb 2014 12:58 PM IST
विज्ञापन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विज्ञापन
एनएच-24 पर बना अवैध कट बुधवार सुबह बड़ी दुर्घटना का कारण बन गया। अवैध कट पर अचानक आई बाइक को फिल्मी अंदाज में बचाने की कोशिश में लालकुआं के पास ओवरलोड ट्रक ब्रेक फेल होने से अनियंत्रित होकर बाइक पर पलट गया।
ट्रक के नीचे दबने से बाइक सवार मोहन सिंह (35), पुत्री मानसी (8) और भतीजी आशा उर्फ प्रीतिका (5) की मौके पर ही मौत हो गई। झटका लगने से प्रियांशु वहां से गुजर रही महिला सविता की गोद में जा गिरा।
विज्ञापन
विज्ञापन
जख्मी हालत में बेटे प्रियांशु उर्फ प्रिंस (4) और तीन अन्य राहगीरों को कोलंबिया एशिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे के कारण दो घंटे तक हाईवे पर जाम लग गया। चार थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और क्रेन से ट्रक हटवाकर यातायात सुचारु कराया।
पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी है। एसपी सिटी मुनीराज ने बताया कि मोहन मुजफ्फरपुर, बिहार का रहने वाला था। लालकुआं के पास मानसरोवर कालोनी में रहता था। भाई रवि के साथ राकेश मार्ग पर सतगुरु नाम से जूस कार्नर चलाता था।
सुबह करीब 8.30 बजे वह चौथी कक्षा की छात्रा मानसी, केजी की प्रितिका और नर्सरी में पढ़ने वाले प्रियांशु को बाइक पर कमलानगर स्थित रैंबो पब्लिक स्कूल छोड़ने जा रहा था। बम्हेटा के सामने बने अवैध कट को पार कर सड़क पर दूसरी तरफ पहुंचा ही था, तभी लोहे के गार्डर से लदे ट्रक की चपेट में आ गया।
ट्रक हापुड़ से दिल्ली की ओर जा रहा था। फिल्मी अंदाज में बाइक को बचाने में पहले ट्रक डिवाइडर पर चढ़ा और फिर अनियंत्रित होकर बाइक पर पलट गया। चपेट में एक अन्य बाइक और साइकिल भी आई।
वहां से गुजर रही सविता, रामचरण और एक अन्य व्यक्ति भी जख्मी हो गए। छानबीन में पता चला है कि ट्रक के ब्रेक नहीं लग पाए थे, जिससे हादसा हुआ। ट्रक चालक और परिचालक भाग गए।
जाको राखे साईयां
चार साल का मासूम प्रिंस हादसे के दौरान बाइक से उछलकर सविता की गोद में जा गिरा। इस दौरान सविता सड़क पर गिरकर जख्मी हो गई। प्रिंस को भी चोट लगी। दोनों को कोलंबिया एशिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्रिंस आईसीयू में है। सविता ने बताया कि उन्होंने बच्चे को पकड़ लिया था इसके बावजूद प्रिंस को सिर में गंभीर चोट लग गई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बच्चा अगर बाइक से उछलकर महिला की गोद में नहीं गिरता तो उसकी जान जा सकती थी। मोहन सिंह के परिवार में कोहराम मचा है। पति और बेटी को खो देने से मोहन की पत्नी रूबी का रो-रोकर बुरा हाल है।
मुआवजे की घोषणा
हादसे में मृतक आश्रितों और घायलों को जिला प्रशासन ने सहायता राशि देने की घोषणा की है। सिटी मजिस्ट्रेट एसपी गुप्त ने बताया कि मुख्यमंत्री राहत कोष से मृतक आश्रितों को दो-दो लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये दिए जाएंगे। इसके साथ ही मृतक मोहन सिंह के परिजनों को राष्ट्रीय पारिवारिक लाभ योजना के अंतर्गत भी 25,000 रुपये दिए जाएंगे।
हादसे के बाद अवैध कट बंद
कविनगर एसएचओ पंकज पंत ने बताया कि मोहन सिंह एनएच-24 पर बम्हैटा के सामने बने अवैध कट से बाइक निकालकर दूसरी तरफ की रोड पर पहुंचे और कुछ दूर चले ही थे तभी पीछे से आया ट्रक उनके ऊपर पलट गया। अगर वे यू टर्न लेकर आते तो बच जाते। फिलहाल अवैध कट को पत्थरों से बंद कर दिया गया है। ट्रैफिक इंस्पेक्टर अनिल कुमार ने बताया कि एनएच-24 व 58 के अधिकांश कट बंद करा दिए हैं, लेकिन फिर भी लोग इन्हें खोल लेते हैं।