नीट पेपर लीक मामला: शुभम खैरनार 6 जून तक न्यायिक हिरासत में, पांच अन्य आरोपी 25 मई को कोर्ट में पेश होंगे
NEET: दिल्ली की एक अदालत ने नीट पेपर लीक मामले में आरोपी शुभम खैरनार को 6 जून तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। वहीं, इस मामले में गिरफ्तार पांच अन्य आरोपियों को सीबीआई हिरासत खत्म होने के बाद 25 मई को अदालत में पेश किया जाएगा।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
NEET Paper Leak Case: दिल्ली की एक अदालत ने रविवार को नीट परीक्षा के प्रश्नपत्र लीक मामले में आरोपी शुभम खैरनार को 6 जून तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया। विशेष न्यायाधीश रुचि अग्रवाल ने केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBSE) की आरोपी की न्यायिक हिरासत की याचिका को स्वीकार कर लिया।
इससे पहले 14 मई को अदालत ने शुभम खैरनार और चार अन्य आरोपियों को सात दिन की सीबीआई हिरासत में भेजा था। जांच एजेंसी का कहना था कि परीक्षा का गोपनीय प्रश्नपत्र पैसों के लिए लीक करने और बेचने में एक संगठित गिरोह शामिल हो सकता है।
इसके बाद 20 मई को सीबीआई ने अदालत से कहा कि मामले में और पूछताछ की जरूरत है, ताकि उन अन्य लोगों की पहचान और गिरफ्तारी की जा सके जिन्हें NEET-UG 2026 का पेपर बेचा गया था। इस पर अदालत ने खैरनार की सीबीआई हिरासत पांच दिन और बढ़ा दी थी।
सीबीआई की जांच तेज, डिजिटल सबूतों और बड़े नेटवर्क की तलाश
सीबीआई ने अदालत को बताया कि मामले की जांच के लिए मोबाइल, लैपटॉप जैसे डिजिटल उपकरणों और सबूतों की जांच जरूरी है। एजेंसी के अनुसार, “पेपर लीक नेटवर्क” से जुड़े कॉल रिकॉर्ड और पैसों के लेन-देन की भी जांच की जा रही है।
सीबीआई ने कहा कि लीक हुए प्रश्नपत्र के स्रोत और पूरे मामले की बड़ी साजिश का पता लगाना जरूरी है। इसके लिए आरोपी को महाराष्ट्र के नासिक समेत कई जगहों पर ले जाकर पूछताछ करनी पड़ सकती है।
एजेंसी के मुताबिक, कुछ उम्मीदवारों से भी शुभम खैरनार के संबंध में पूछताछ की गई, ताकि यह पता लगाया जा सके कि प्रश्नपत्र किन-किन जगहों पर लीक हुआ था। वहीं, पुणे की भौतिकी लेक्चरर मनीषा संजय हवलदार, जिन्हें शुक्रवार को गिरफ्तार किया गया था, फिलहाल ट्रांजिट रिमांड पर हैं और उन्हें सोमवार को संबंधित अदालत में पेश किया जा सकता है।
NEET पेपर लीक मामले में अब तक 10 गिरफ्तार
अधिकारियों के अनुसार, इस मामले में गिरफ्तार पांच अन्य आरोपियों को भी 25 मई को सीबीआई हिरासत खत्म होने के बाद अदालत में पेश किया जाएगा। सीबीआई अब तक इस केस में कुल 10 लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है।
मेडिकल कॉलेजों में दाखिले के लिए आयोजित NEET (UG) 2026 परीक्षा 3 मई को हुई थी, लेकिन पेपर लीक के आरोप सामने आने के बाद इसे दो दिन बाद रद्द कर दिया गया। इसके बाद केंद्र सरकार ने मामले में हुई कथित अनियमितताओं की गहराई से जांच करने का जिम्मा सीबीआई को सौंपा है।