सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Haryana ›   Rewari News ›   thief,crime,police,rewari,mobile shop,CCTV

मोबाइल शॉप का शटर उखाड़ा, उड़ाए स्मार्टफोन

ब्यूरो /अमर उजाला Updated Wed, 01 Feb 2017 12:33 AM IST
विज्ञापन
thief,crime,police,rewari,mobile shop,CCTV
लाखों के स्मार्ट फोन, लैपटॉप और सामान चोरी - फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
विज्ञापन
 शिव चौक के पास एक मोबाइल शॉप का शटर तोड़कर सोमवार देर रात दाखिल हुए दो चोरों ने चादर बिछाई और लाखों रुपये के स्मार्ट फोन, लैपटॉप और अन्य सामान पर हाथ साफ कर दिया। मुंह छिपाने के लिए चोरों ने मंकी कैप पहन रखी थी। चोरों ने सीसीटीवी कैमरे तो तोड़ दिए लेकिन डीवीआर में चोरी की वारदात सेफ रह गई। पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया है और अब मिले सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी है।


मॉडल टाउन के शिव चौक पर बनी मार्केट में संदीप भल्ला की एसएस टेलीकॉम नाम से मोबाइल की दुकान है। संदीप भल्ला ने बताया कि मंगलवार सुबह जब दुकान खोलने पहुंचे तो अंदर कांच बिखरा और साइड का शटर उखड़ा हुआ था। दुकान चेक की तो 40 से ज्यादा नए स्मार्टफोन, लैपटॉप गायब थे। सीसीटीवी कैमरे भी उखड़े हुए थे। हालांकि डीवीआर चेक करने पर पता चला कि चोर रात करीब 2.52 बजे दुकान में दाखिल हुए और फुटेज में देर रात 3.10 बजे तक दिखे।
विज्ञापन
विज्ञापन


ब्लेजर और पुराने स्मार्टफोन भी नहीं छोड़े
सीसीटीवी फुटेज चेक करने पर पता चला कि एक के बाद एक कर दाखिल हुए चोरों ने पहले काउंटर के पास चादर बिछाई और इसके बाद स्मार्ट फोन के डिब्बे रैक्स से निकालकर काउंटर पर रख दिये। इसके बाद उन्होंने दुकान पर रखे पुराने स्मार्टफोन भी उठा लिये और लास्ट में लैपटॉप और फिर दुकान में ही रखा एक ब्लेजर भी चोरी कर चादर समेट चंपत हो गए।
विज्ञापन


नजर पड़ी तो उखाड़े सीसीटीवी कैमरे
नए और पुराने स्मार्टफोन, लैपटॉप और अन्य सामान चोरी करने के बाद चोरों की नजर दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों पर पड़ी। जिस पर मंकी कैप पहने चोरों ने एक-एक कर दोनों सीसीटीवी कैमरे उखाड़े और उन्हें भी अपने साथ ले गए। हालांकि चोरों की नजर डीवीआर पर नहीं पड़ी, जिसके चलते चोरी का रिकॉर्डिंग सुरक्षित रही।

धोखा देने के लिए पहनी पुलिस वर्दीनुमा जैकेट
सीसीटीवी फुटेज में कैद हुए दोनों चोरों ने खाकीनुमा जैकेट डाल रखी थी। मंकी कैप का रंग और पैंट का कलर भी काफी हद तक खाकी ही दिखा। इससे माना जा रहा है कि चोरों ने रास्ते में मिलने वाले लोगों या फिर पुलिस को चकमा देने के लिए ऐसे कपड़े पहने जिससे वो पुलिस जैसे दिखें। चोरी की सूचना पर पहुंची पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

कई मोबाइल शॉप्स में चोरी, बरामदगी कुछ नहीं
इस चोरी से पहले भी मॉडल टाउन क्षेत्र में और खासकर शिव चौक के दोनों तरफ सौ मीटर की रेंज में चार मोबाइल की दुकानों को निशाना बनाया गया है। इससे पहले द मोबाइल स्टोर में करीब 16 लाख रुपये की, ब्रास मार्केट स्थित मान्या इंटरप्राइजेज में करीब 13 लाख रुपये की, नवीन मोबाइल स्टोर और खंडेलवाल स्टोर पर तकरीबन 8-8 लाख रुपये की चोरी हुई है। पुलिस अभी तक किसी मामले में माल बरामदगी नहीं कर पाई है।
--------------

 मार्केट में कई बार चोरियां हो चुकी हैं। पुलिस की गश्त महज घटना के एक-दो दिन तक रहती है। लगातार होने वाली चोरियों से व्यापारियों में रोष है। आज एसपी से मिलकर व्यापारी सुरक्षा के लिए बात करेंगे।
-अभिषेक झांब, प्रधान, मॉडल टाउन मार्केट एसोसिएशन
-------------
मिले सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों का हुलिया पता किया जा रहा है। इसके अलावा अन्य रास्तों के फुटेज भी चेक किये जा रहे हैं। उम्मीद है कि जल्द ही पुलिस इस मामले का खुलासा करेगी।
-मोहम्मद जमाल, डीएसपी रेवाड़ी
विज्ञापन
विज्ञापन
सबसे विश्वसनीय Hindi News वेबसाइट अमर उजाला पर पढ़ें हर राज्य और शहर से जुड़ी क्राइम समाचार की
ब्रेकिंग अपडेट।
 
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें अमर उजाला हिंदी न्यूज़ APP अपने मोबाइल पर।
Amar Ujala Android Hindi News APP Amar Ujala iOS Hindi News APP
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

एप में पढ़ें

Followed