कुछ लोगों के फोन उठाने से बढ़ जाता है बीपी : अखिलेश यादव
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि कुछ लोगों का फोन वे जानबूझ कर नहीं उठाते क्योंकि इससे उनका ब्लड प्रेशर बढ़ जाता है। पहले तो पत्रकार भी ब्रेकिंग न्यूज चलाकर बीपी बढ़ा देते थे, लेकिन अब इतनी ब्रेकिंग न्यूज हैं कि इससे बीपी नहीं बढ़ता।
उन्होंने कहा, अभी मुझसे कहा गया कि दिमाग को ठंडा रखने के लिए कुछ लोग चंदन लगाते हैं लेकिन मैं इस बहस में नहीं पड़ूंगा। कुछ लोग हैं जो बहस को किसी और दिशा में ले जाएंगे।
मुख्यमंत्री सोमवार को अपने सरकारी आवास पर द ग्रेट इंडिया बीपी कैंपेन का शुभारंभ कर रहे थे। इस अभियान के तहत लोगों को ब्लड प्रेशर बीमारी के प्रति जागरूक किया जाएगा।
किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी व कार्डियोलॉजी सोसाइटी ऑफ इंडिया ने यह अभियान शुरू किया है। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि ब्लड प्रेशर एक साइलेंट किलर है। इससे बहुत सी बीमारियां हो जाती हैं।
सबसे खास बात यह कि डेंगू, मलेरिया, जेई-एईएस, स्वाइन फ्लू जैसी बीमारियों की तो खूब चर्चा होती है लेकिन ब्लड प्रेशर के बारे में कोई चर्चा नहीं करता। इसके बारे में सभी को जागरूक करना होगा। यदि दिलो-दिमाग को ठंडा रखा जाए तो इस बीमारी से बचा जा सकता है। जिनकी भी जीवन शैली अलग तरह की है और कठिन परिस्थितियों में काम करना पड़ता है उन्हें ज्यादा ध्यान देना चाहिए।
हर दिन पांच किलोमीटर जनेश्वर मिश्र पार्क में टहलें
उन्होंने कहा, सपा सरकार स्वास्थ्य सुविधाओं को और बेहतर कर रही है। मेडिकल कॉलेजों में मेंटेनेंस के लिए पैसा नहीं था। हमने अनुपूरक बजट से पैसा दिया है। बीपी कैंपेन में ज्यादा से ज्यादा लोग जुड़ेंगे तो इसका फायदा समाज को होगा।
यदि स्वस्थ रहना है तो हर दिन दस किलोमीटर साइकिल चलानी होगी या फिर जनेश्वर मिश्र पार्क में पांच किलोमीटर टहलना होगा।
इससे पहले कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री अहमद हसन ने कहा, सरकार ने जो भी वादे किए उसे पूरा कर दिया है। स्वास्थ्य क्षेत्र में भी यूपी को नंबर वन बनाने की योजना है।
केजीएमयू के कुलपति प्रो. रविकांत ने कहा, दिनचर्या सही रखकर हम बीपी जैसी बीमारी से बच सकते हैं। कार्यक्रम में प्रमुख सचिव स्वास्थ्य अरविंद कुमार, प्रमुख सचिव चिकित्सा शिक्षा अनूपचंद्र पांडेय, प्रो. आरके सरन सहित कई अन्य मौजूद थे।
ये छह चीजें बचाएंगी बीपी की बीमारी से
नमक कम कर दें
शुगर को कंट्रोल रखें
धूम्रपान न करें
तनाव मुक्त रहें
सुस्त जीवन शैली न बनाएं
मोटापे को नियंत्रित रखें
हार्ट अटैक के आधे मरीज नहीं पहुंच पाते अस्पताल
केजीएमयू में कार्डियोलॉजी विभाग के अध्यक्ष प्रो. आरके सरन ने बताया कि हार्ट अटैक के मामले में आधे मरीज अस्पताल नहीं पहुंच पाते। उनकी मृत्यु रास्ते में ही हो जाती है।
जो अस्पताल पहुंच जाते हैं उनमें से 70 फीसदी ठीक हो जाते हैं। उन्होंने बताया कि गांवों में दो से चार करोड़ लोग दिल के रोगी हैं, जबकि शहरों में चार से आठ करोड़ व्यक्ति इस बीमारी से ग्रसित हैं।