'जहरीले' मसूद पर कांग्रेस को 'तारीख' का सहारा!
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बीजेपी के पीएम उम्मीदवार नरेंद्र मोदी पर आपत्तिजनक बयान देने वाले सहारनपुर के कांग्रेस उम्मीदवार इमरान मसूद पर कांग्रेस ने सफाई पेश की है।
कांग्रेस कम्यूनिकेशन डिपार्टमेंट के चेयरमैन सत्यदेव त्रिपाठी ने सफाई देते हुए कहा है कि इमरान की जो सीडी लीक हुई है, वो हाल की नहीं बल्कि 18 सितंबर 2013 की है।
मसूद को लेकर अचानक बैकफुट पर पहुंची कांग्रेस ने अपनी लाज रखने के लिए कहा है कि उस वक्त मसूद सपा में थे। कांग्रेस में उनकी एंट्री 8 मार्च, 2014 को हुई है।
इस मामले को लेकर चुनाव आयोग की कार्रवाई से डरी कांग्रेस ने आयोग से भी समय मांगा है। गौरतलब है कि इमरान मसूद को शनिवार सुबह करीब 3.30 बजे गिरफ्तार कर लिया गया।
लेकिन, नहीं कटेगा मसूद का टिकट!
सहारनपुर से कांग्रेस उम्मीदवार इमरान मसूद के विवादित बयान को लेकर सियासी हंगामा मचा हुआ है। कांग्रेस मसूद के बयान का समर्थन तो नहीं कर रही है, लेकिन पार्टी बयान की निंदा और कार्रवाई करने से परहेज कर रही है।
कांग्रेस की वरिष्ठ नेता रीता बहुगुणा जोशी ने कहा है कि मसूद मामले पर अंतिम फैसला आलाकमान को लेना है, लेकिन मुझे नहीं लगता है कि अब कोई प्रत्याशी बदला जाएगा।
पार्टी ने मसूद से कहा है कि अगर उनकी टिप्पणी का गलत इस्तेमाल किया गया है तो उन्हें अपना स्पष्टीकरण सार्वजनिक तौर पर देना चाहिए। पार्टी ने विश्वास जताया है कि मसूद अपना स्पष्टीकरण देंगे।
इधर, मसूद को 14 दिन की जेल
बीजेपी के पीएम उम्मीदवार नरेंद्र मोदी पर आपत्तिजनक बयान देने वाले सहारनपुर के कांग्रेस उम्मीदवार इमरान मसूद को शनिवार सुबह करीब 3.30 बजे गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तारी के बाद सुबह इमरान को कोर्ट में पेश किया गया।
कोर्ट में पेश के दौरान इमरान मसूद के समर्थकों ने जमकर हंगामा मचाया। खुद इमरान मसूद ने कहा कि उन्हें राजनीतिक साजिश के तहत फंसाया गया। हालांकि, कोर्ट से मसूद को 14 दिन के लिए जेल में रखने का फरमान सुना दिया गया।
उनकी गिरफ्तारी के लिए खुद जिले के एसएसपी पूरी पुलिस फोर्स लेकर पहुंचे थे। उनको उनके घर से गिरफ्तार किया गया। आपको बता दें कि निर्वाचन आयोग ने मामले का संज्ञान लेते हुए मामला दर्ज कराया था जिसके बाद पुलिस ने ये कार्रवाई की।
एसएसपी सहारनपुर मनोज कुमार ने बताया कि देवबंद थाने में मामला दर्ज कराया गया है और गिरफ्तारी के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
उगला था मोदी के खिलाफ जहर
सहारनपुर से कांग्रेस प्रत्याशी इमरान मसूद को चुनावी सभा में भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी और सांप्रदायिक भाषण भारी पड़ गया।
वीडियो लीक होने के बाद जिला प्रशासन के आदेश पर उनके खिलाफ शुक्रवार को देवबंद थाने में विभिन्न धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है। वीडियो में उन्होंने बेतुकी टिप्पणी करते हुए मोदी को मारने की धमकी दी थी। प्रशासन ने चुनाव आयोग को इसकी पूरी रिपोर्ट भेजकर गाइडलाइन मांगी है।
बृहस्पतिवार देर रात एक वीडियो सामने आया, जिसमें कांग्रेस प्रत्याशी इमरान मसूद चुनावी सभा में सांप्रदायिक भावना भड़काने वाला भाषण दे रहे हैं। इसमें पुलिस को भगाने और मोदी को जान से मारने की बात कर रहे हैं।
मोदी को ये भी कह गए थे मसूद
बताया जा रहा है कि इमरान देवबंद के लबकरी गांव के एक घर में सभा कर रहे थे। खुद को एक धर्म की आवाज बताते हुए भाषण में साथियों के लिए मरने-मारने की बात कही।
तालियों के बीच कहा कि नरेंद्र मोदी से कौन लड़ेगा, इमरान मसूद लड़ेगा। जो उसकी तरह ठोंक कर जवाब देगा। यहां हालात गुजरात जैसे नहीं हैं।
जिला निर्वाचन अधिकारी संध्या तिवारी का कहना कि प्रशासन को एक वीडियो मिला है, जिसमें कांग्रेस प्रत्याशी आपत्तिजनक टिप्पणी और भड़काऊ भाषण से सांप्रदायिकता फैला रहे हैं।
देवबंद थाने में उनके खिलाफ भादंसं की विभिन्न धाराओं, लोकप्रतिनिधित्व अधिनियम और अनुसूचित जाति अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज करवा दिया गया है। पूरी रिपोर्ट चुनाव आयोग को भी भेज दी गई है।