सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Rajasthan ›   Dausa: Miscreant Abducts Minor Girl Sleeping Outside House, Assaults Her at Knifepoint; Police Launch Probe

Dausa News: घर के बाहर सो रही मासूम को उठाकर खेत में ले गया बदमाश, चाकू की नोक पर दरिंदगी, जांच में जुटी पुलिस

न्यूज डेस्क, अमर उजाला, दौसा Published by: दौसा ब्यूरो Updated Wed, 27 May 2026 06:17 PM IST
विज्ञापन
सार

दौसा के ग्रामीण क्षेत्र में सोमवार रात 10 वर्षीय मासूम के साथ हुई दरिंदगी से सनसनी फैल गई। घर के बाहर सो रही बच्ची को बदमाश उठाकर खेत में ले गया और वारदात को अंजाम देकर फरार हो गया। पुलिस ने पॉक्सो एक्ट सहित गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।

Dausa: Miscreant Abducts Minor Girl Sleeping Outside House, Assaults Her at Knifepoint; Police Launch Probe
एसपी ऑफिस, दौसा - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार

जिले के ग्रामीण क्षेत्र में सोमवार रात घर के बाहर सो रही एक 10 वर्षीय मासूम को अज्ञात बदमाश जबरन उठाकर सुनसान खेत में ले गया और चाकू की नोक पर उसके साथ दुष्कर्म कर फरार हो गया। घटना के बाद डरी-सहमी बच्ची किसी तरह रोते हुए अपने घर पहुंची और परिजनों को आपबीती सुनाई। इस खौफनाक वारदात की सूचना मिलते ही पूरे गांव में भारी आक्रोश फैल गया।



जानकारी के अनुसार पीड़िता के घर के पास ही सोमवार रात एक शादी समारोह था, जिसमें बारात आई हुई थी। परिवार के अधिकांश लोग पड़ोस के इसी मांगलिक कार्यक्रम में व्यस्त थे। इसी दौरान सूना पाकर आरोपी ने घर के बाहर सो रही बालिका का अपहरण कर लिया। वह उसे दूर एक सुनसान खेत में ले गया, जहां चिल्लाने पर जान से मारने की धमकी देते हुए उसके मुंह में कपड़ा ठूंस दिया और चाकू की नोंक पर इस घिनौने कृत्य को अंजाम दिया।
विज्ञापन
विज्ञापन


वारदात की जानकारी मिलते ही पीड़िता के परिजन और ग्रामीण रात में ही खेतों की तरफ भागे और आरोपी की तलाश शुरू की। इस दौरान घटनास्थल के पास से बच्ची का दुपट्टा और एक साइकिल की चेन बरामद हुई है। घटना की सूचना मिलते ही सिकंदरा थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने पीड़िता को मेडिकल जांच और उपचार के लिए राजकीय अस्पताल पहुंचाया। वहीं इस घटना को लेकर ग्रामीणों में गहरा आक्रोश व्याप्त है और वे आरोपी की जल्द से जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।
विज्ञापन
Trending Videos


ये भी पढ़ें: महज 100 रुपये के लेनदेन में मासूम की हत्या? धड़ से अलग मिला सिर; CCTV फुटेज के आधार पर हिरासत में दोस्त

घटना की भनक लगते ही दौसा विधायक डी.सी. बैरवा भी तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाया और जल्द से जल्द न्याय दिलाने का भरोसा दिया। इस दौरान कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था पूरी तरह चरमरा चुकी है। अब बहन-बेटियां अपने घरों तक में सुरक्षित नहीं हैं। अपराधियों के इस आतंक के कारण बेटियां अकेले बाहर निकलने से भी कतरा रही हैं। बदमाशों में पुलिस का खौफ खत्म हो चुका है, जिसकी बानगी घर के बाहर सो रही नाबलिग के साथ हुई यह वारदात है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए मंगलवार सुबह पुलिस अधीक्षक पीयूष दीक्षित, एडिशनल एसपी शंकरलाल मीणा, एडिशनल एसपी योगेंद्र फौजदार, सीओ धर्मराज चौधरी और सिकंदरा एसएचओ अशोक कुमार चौधरी भारी जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे। एफएसएल, एमओबी और डॉग स्क्वायड की टीमों ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस ने पीड़िता के पिता की तहरीर पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट और बलात्कार सहित अन्य गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
 
एएसपी एवं जांच अधिकारी योगेंद्र फौजदार का कहना है कि पुलिस आसपास के गांवों में संदिग्ध व्यक्तियों की जानकारी जुटा रही है। इसके साथ ही घटनास्थल के निकट एक्टिव रहे मोबाइल नंबरों के डंप डेटा और लोकेशन को भी खंगाला जा रहा है। पीड़िता की हालत फिलहाल सामान्य है। आरोपी की धरपकड़ के लिए पुलिस की विशेष टीमें लगातार दबिश दे रही हैं, उसे जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

एप में पढ़ें

Followed