CM काफिले के दौरान जयपुर में बड़ा हादसा: तेज रफ्तार स्लीपर बस 8 वाहनों में घुसी, छह लोग हुए घायल; चालक फरार
जयपुर के हरमाड़ा थाना क्षेत्र में मुख्यमंत्री के काफिले के दौरान सीकर रोड पर बड़ा सड़क हादसा हुआ। ट्रैफिक रुका होने पर तेज रफ्तार स्लीपर बस 8 वाहनों में घुस गई। हादसे में 6 लोग घायल हुए। बस चालक फरार है, पुलिस जांच में जुटी है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
राजधानी जयपुर के हरमाड़ा थाना क्षेत्र में शनिवार शाम सीकर रोड स्थित सनसिटी के पास मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के काफिले के दौरान बड़ा सड़क हादसा हो गया। वीआईपी मूवमेंट के चलते ट्रैफिक रोका गया था, तभी पीछे से तेज रफ्तार निजी स्लीपर बस अनियंत्रित होकर सड़क पर खड़े वाहनों में जा घुसी। हादसा इतना भीषण था कि करीब 8 वाहन इसकी चपेट में आ गए, जिनमें कई कारें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। हादसे में 6 लोग घायल हुए हैं। फिलहाल किसी भी मौत की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा नींदड़ स्थित एक कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे। उनके आवागमन को देखते हुए शनिवार शाम करीब 6:15 बजे सीकर रोड पर कुछ देर के लिए यातायात रोका गया था। सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लगी हुई थी। इसी दौरान जयपुर से सीकर की ओर जा रही निजी स्लीपर बस तेज गति से पहुंची और चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका। बस ने पीछे से कई वाहनों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद एक कार डिवाइडर पर चढ़ गई, जबकि अन्य कारें आपस में भिड़कर बुरी तरह पिचक गईं।
हादसे में सबसे अधिक नुकसान एक टैक्सी कार को हुआ, जिसका पिछला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। कार में सवार महिला और युवक अंदर फंस गए। हरमाड़ा थाना पुलिस और स्थानीय लोगों ने राहत कार्य चलाकर कार के गेट तोड़कर घायलों को बाहर निकाला। एक युवक को गंभीर चोटें आने की जानकारी सामने आई है, जबकि अन्य घायलों को भी तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। घायलों का इलाज सीकेएस अस्पताल में जारी है। पुलिस के अनुसार कुछ घायलों की हालत गंभीर लेकिन नियंत्रण में बताई जा रही है, जबकि अन्य को सामान्य चोटें आई हैं।
पढ़ें: स्पा सेंटर पर पुलिस रेड, आरोपियों ने दी धमकी-“कुछ नहीं बिगाड़ पाओगे”
प्रारंभिक जांच में बस के ब्रेक फेल होने की आशंका जताई गई है। बताया जा रहा है कि दुर्घटनाग्रस्त बस धार्मिक यात्रियों को लेकर अहमदाबाद से खाटूश्यामजी होते हुए हरिद्वार जा रही थी। हादसे के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने बस को जब्त कर लिया है और चालक की तलाश जारी है। मामले में लापरवाही से वाहन चलाने का प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
घटना के बाद उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी सीकेएस अस्पताल पहुंचीं और घायलों से मुलाकात कर चिकित्सकों को बेहतर एवं त्वरित इलाज सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात सुचारू कराया और हादसे के कारणों की तकनीकी जांच शुरू कर दी है।