पंजाब के मुख्य चुनाव अधिकारी(सीईओ) वीके सिंह ने सभी राजनीतिक दलों अध्यक्षों, महासचिवों और उम्मीदवारों को पत्र लिखकर सलाह दी है कि वह चुनाव प्रचार के दौरान आदर्श चुनाव आचार संहिता का पालन करते हुए सभ्य भाषा का प्रयोग करें।
उन्होंने लिखा है कि उनके कार्यालय को ऐसी शिकायतें मिली हैं, जिनमें कई नेताओं द्वारा चुनाव प्रचार के दौरान भाषण देते हुए या अपने समर्थकों और वर्करों को संबोधित करते हुए अभद्र, गैर संजीदा और भड़काऊ भाषा प्रयोग किए जाने की बात कही गई है।
जारी निर्देशों में कहा गया है कि अन्य राजनीतिक पार्टियों की आलोचना करते वक्त केवल उनकी नीतियों, कार्यक्रमों, पिछली कारगुजारी तक ही सीमित रहा जाए।
पार्टियों और उम्मीदवारों को निजी जीवन के सभी पहलुओं की आलोचना से गुरेज करना चाहिए। मस्जिदों, गुरुद्वारों, गिरिजाघरों, मंदिरों या पूजा के अन्य स्थानों को भी चुनाव प्रचार के मंच के रूप में न प्रयोग करने की सलाह दी गई है।