होली पर्व के उपलक्ष्य में निशुल्क शिक्षण संस्थान उड़ान स्कूल में मंगलवार को बच्चों व उनके अभिभावकों को हर्बल होली खेलने के लिए प्रेरित किया गया। इस दौरान उन्हें त्वचा की सुरक्षा के लिए फूलों और हल्दी से रंग बनाकर होली खेलने की अपील की गई।
मायाकुंड स्थित उड़ान स्कूल के निदेशक व नेत्र चिकित्सक डॉ. राजे नेगी ने बच्चों को रासायनिक रंगों से होली खेलने से बचने का सुझाव दिया। उन्होंने बताया कि बाजार में अधिक मुनाफा कमाने के लिए रासायनिक रंग उपलब्ध कराए जाते हैं। इनमें हानिकारक तत्वों के साथ ही कांच भी मिलाया जाता है। इन रंगों के संपर्क में आते ही शरीर में खुजली, एलर्जी जैसी समस्या उत्पन्न हो जाती है। उन्होंने अभिभावकों से घर में विभिन्न फूलों, चंदन और हल्दी से हर्बल रंग तैयार कर होली खेलने अपील की। इसके अलावा होली खेलने से पहले चेहरे और शरीर पर नारियल, सरसों का तेल लगाने का सुझाव दिया। इस अवसर पर प्रतीक यादव, दिव्या सक्सेना, प्रियंका कुकरेती, निधि शर्मा, प्रिया क्षेत्री, विद्या गुसाईं, मंजू देवी, अंजलि नेगी, रमेश लिंगवाल,रवि कुकरेती, उत्तम असवाल आदि मौजूद रहे।