ब्यूरो/अमर उजाला, ऋषिकेश।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष किशोर उपाध्याय रविवार को टिहरी बस हादसे में घायल हुए यात्रियों का हालचाल जानने के लिए ऋषिकेश एम्स पहुंचे। इस दौरान उन्होंने घायलों व उनके परिजनों से बातचीत की। उन्होंने गंगा संरक्षण को लेकर अनशनरत स्वामी सानंद उर्फ प्रोफेसर जीडी अग्रवाल से भी मुलाकात की और उनके स्वास्थ्य संबंधी जानकारी ली।
इस अवसर पर उन्होंने पहाड़ी इलाकों में लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं के लिए सीधे तौर पर सरकार को जिम्मेदार ठहराया। आरोप लगाया कि दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए संबंधित अफसर व जनप्रतिनिधि लापरवाह बने हुए हैं। उन्होंने दुर्घटनाओं के लिए सीधे तौर पर जिम्मेदार लोगों, विभागों व अधिकारियों पर मुकदमे दर्ज करने की मांग की। इस दौरान कांग्रेस जिलाध्यक्ष जयेंद्र रमोला, कार्यकारी नगर अध्यक्ष शिव मोहन मिश्र, प्रदेश महासचिव जयपाल जाटव, दिनेश व्यास, देवप्रयाग जिलाध्यक्ष हिमांशु विजल्वाण, सैयद मुमताज हाशिम, विमला रावत, रमेश उनियाल, राजेंद्र राणा, तनवीर सिंह, जगजीत सिंह, सूरज भट्ट, हरीराम वर्मा, आशु वर्मा, राजेश शाह, मोहित कुमार आदि मौजूद थे ।