दूसरी संतान भी कन्या होने पर ऐसे माता-पिता का सार्वजनिक रूप से सम्मान किया जाएगा। वहीं प्रदेश के चार से पांच विभागों में केवल महिलाओं की भर्ती की जाएगी। सरकार की ओर से इन विभागों का चयन किया जा रहा है।
यह कहना है मुख्यमंत्री हरीश रावत का। सीएम रविवार को रायपुर विस क्षेत्र में 46 करोड़ की योजनाओं के लोकार्पण व शिलान्यास कार्यक्रम को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे।
नेहरूग्राम में आयोजित कार्यक्रम में सीएम ने विस क्षेत्र की 30 करोड़ 38 लाख रुपये की 25 विकास योजनाओं का लोकार्पण और 15 करोड़ 56 लाख रुपये की छह विकास योजनाओं का शिलान्यास किया।
सीएम ने किया विभिन्न योजनाओं का लोकार्पण
लोकार्पित योजनाओं में रायपुर हाथीखाने से किद्दुवाला होते हुए छह नंबर पुलिया तक दो लेन मोटरमार्ग एवं पुल का निर्माण कार्य, विभिन्न आंतरिक सी.सी. मार्ग, तपोवन एनक्लेव-दशमेश विहार नलकूप पेयजल योजना, विभिन्न क्षतिग्रस्त नालियों की मरम्मत व निकासी का कार्य, उत्तराखंड जलसंस्थान रायपुर के तहत विभिन्न पाईप लाइनों का सुदृढ़ीकरण, विभिन्न नलकूपों का निर्माण आदि कार्य शामिल हैं।
३० हजार नौकरियां देने का लक्ष्य
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस वर्ष 30 हजार नौकरियां देने का लक्ष्य रखा गया है। इनमें से 16500 भर्तियां की जा चुकी हैं। एससी व एसटी का बैकलॉग भरने के निर्देश अधिकारियों को दिए गए हैं।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री यशपाल आर्य, शिक्षा मंत्री मंत्री प्रसाद नैथानी ने भी विचार रखे। कार्यक्रम का संचालन विधायक राजकुमार ने किया।