फर्जी दस्तावेज पर विद्युत कनेक्शन लेने वालों को नोटिस किए जारी - राजेंद्र नगर के उपखंड अधिकारी की तरफ से करीब एक दर्जन लोगों नोटिस जारी किए गए - नोटिस में मकान के कागज दोबारा से जमा करने के निर्देश दिए गए है - विभाग की तरफ से दोबारा जांच कर विद्युत कनेक्शन काटने की कार्रवाई की जाएगी
माई सिटी रिपोर्टर
साहिबाबाद। शहीद नगर इलाके में विद्युत विभाग की तरफ से करीब एक दर्जन फ्लैट मालिकों को नोटिस जारी कर विद्युत कनेक्शन लेने के दौरान जमा कराए गए दस्तावेज दोबारा उपलब्ध कराने निर्देश दिए गए हैं। विभाग की तरफ से फ्लैट मालिकों को एक सप्ताह का समय दिया गया है। एक सप्ताह में कागज जमा नहीं कराए गए तो बिल्डिंग की विद्युत सप्लाई बंद करने की चेतावनी दी गई है।
राजेंद्र नगर निवासी मानवाधिकार कार्यकर्ता राजीव शर्मा ने शासन को शहीद नगर इलाके में एक भूखंड पर नौ फ्लैट और तीन दुकानों को बिल्डर द्वारा सौ सौ रुपये के स्टांप पेपर पर बेचकर लाखों रुपये की स्टांप चोरी की जानकारी दी थी। स्टांप विभाग की जांच रिपोर्ट पर जिला अधिकारी ने विद्युत विभाग से जवाब तलब किया कि बिना वैधानिक दस्तावेजों के अवैध रूप से बनी 5 मंजिला इमारत पर आखिर दर्जन भर कनेक्शन किस आधार पर जारी कर दिए गए। जिसके बाद विद्युत विभाग ने जांच की तो पता चला कि विद्युत विभाग में विद्युत कनेक्शन को जारी करते समय उपभोक्ताओं द्वारा विधुत विभाग को उपलब्ध करवाए गए दस्तावेजो की पत्रावली ही गायब है । विद्युत विभाग से पत्रावली गायब होने से विभाग के अधिकारियों में हड़कंप मचा हुआ है। विभागीय अधिकारियों की माने तो इस मामले में फर्जी दस्तावेजों पर दर्जन भर से ज्यादा कनैक्शन विद्युत विभाग के तत्कालीन अवर अभियंता और एसडीओ की मिली भगत से 2015 से लेकर 2017 तक जारी किए गए थे। जिसके बाद मामले में जिला अधिकारी के आदेश पर विद्युत विभाग के राजेन्द्र नगर विधुत उपकेन्द्र के उपखण्ड अधिकारी कृष्ण कुमार द्वारा दर्जन भर फ्लैट मालिको को नोटिस जारी कर विद्युत कनैक्शन लेते समय विधुत विभाग को उपलब्ध करवाए गए दस्तावेज 7 दिनों के अंदर विद्युत विभाग को उपलब्ध कराने को कहा है।
और पढ़ें