दिल्ली विश्वविद्यालय दाखिला प्रक्रिया:
एसओएल में दाखिला प्रक्रिया 1 जून से होगी शुरू
- प्रशासन को डीईबी से पांच साल के लिए मिली है स्वीकृति
- जल्द ही विस्तृत दाखिला शेड्यूल तैयार कर जारी किया जाएगा
रश्मि शर्मा
नई दिल्ली। दिल्ली विश्वविद्यालय के रेगुलर (नियमित) कॉलेजों में दाखिले के लिए भले ही दाखिला प्रक्रिया की शुरुआत अप्रैल के मध्य से हो रही हो, लेकिन एसओएल (स्कूल ऑफ ओपन लर्निंग) में दाखिले की शुरुआत जून से ही होगी। प्रशासन 1 जून से दाखिले शुरू करने की तैयारी कर रहा है। एसओएल प्रशासन जल्द ही दाखिला प्रक्रिया का प्रारूप तैयार कर शेड्यूल जारी करेगा।
कैंपस ऑफ ओपन लर्निंग के निदेशक प्रो. सीएस दुबे ने बताया कि एसओएल में दाखिला प्रक्रिया शुरू करने से पहले डिस्टेंस एजूकेशन बोर्ड (डीईबी) की स्वीकृति लेनी होती है। एसओएल को डीईबी से पांच साल के लिए मंजूरी मिली है। ऐसे में दाखिला प्रक्रिया शुरू करने में परेशानी नहीं होगी। दाखिला प्रक्रिया के लिए खाका भी लगभग तैयार हो गया है। बीते साल प्रक्रिया शुरू करने के लिए मंजूरी देर से मिली थी। इस कारण प्रक्रिया 9 अगस्त से शुरू हो सकी थी। उन्होंने कहा कि एसओएल की परीक्षाएं भी सात अप्रैल से शुरू की जा रही हैं, जिससे रिजल्ट भी जल्दी आएगा।
पहले की तरह ही इस बार भी पूरी तरह से दाखिला प्रक्रिया ऑनलाइन होगी। फीस का भुगतान भी ऑनलाइन ही किया जा सकेगा। ऑनलाइन दाखिले के लिए छात्रों को https://sol.du.ac.in जाकर लॉग-इन करना होगा। इसी वेबसाइट पर ही दाखिला संबंधित जानकारी व प्रॉस्पेक्टस उपलब्ध होगा। वहीं, रेगुलर की तरह ही इस बार एसओएल में भी संशोधित करिकुलम लागू किया जा रहा है।
-------
गत वर्ष 1 लाख 30 हजार ने लिया था दाखिला
एसओएल में स्नातक स्तर पर बीए प्रोग्राम, बीकॉम प्रोग्राम, बीकॉम ऑनर्स, बीए राजनीति विज्ञान (ऑनर्स) व बीए अंग्रेजी (ऑनर्स) कोर्स संचालित होते हैं। बीते साल की दाखिला प्रक्रिया के दौरान एसओएल में एक लाख 30 हजार से अधिक छात्रों ने दाखिला लिया था। इनमें 90 फीसदी से अधिक अंक वाले काफी छात्रों ने भी दाखिला लिया था।