गुड़गांव। शहर के एमजी रोड पर सैकड़ों महिलाओं ने दिल्ली गैंगरेप के विरोध में बृहस्पतिवार को कैंडल मार्च निकाला। यह मार्च सिटी सेंटर मॉल से होते हुए सहारा मॉल और एमजी रोड तक पहुंचा। इस इसमें बहुराष्ट्रीय कंपनियों की कर्मचारी और अधिकारी भी शामिल हुईं।
विभिन्न सामाजिक संगठनों की ओर से निकाले गए इस कैंडल मार्च में महिलाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। प्रदर्शन में शामिल राधिका ने कहा कि इस वारदात में शामिल दरिंदों को फांसी की ही सजा मिलनी चाहिए। प्रदर्शन में शामिल एक युवती शालिनी ने कहा कि इस प्रकार के अपराध करने वालों के लिए सभ्य समाज में कोई जगह नहीं है। सभी का कहना था कि वह अब चुप बैठने वाली नहीं हैं।
एमजी रोड मेेट्रो स्टेशन पर महिलाओं ने पीड़ित युवती के जल्द स्वास्थ्य होने की कामना भी की। वेटर इंडिया के डॉ. एसके धिगड़ा और दिलीप कुमार ने कहा कि इस प्रदर्शन के माध्यम से लोगों को जागरूक करने का प्रयास किया गया, जो इससे दूरी बनाए हुए हैं। इस प्रकार की शिकार किसी के भी घर की महिला हो सकती है। यह पूरे समाज का दायित्व है कि वह ऐसे व्यक्तियों के खिलाफ खुलकर सामने आएं।