रतिया। गांव हडौली के राजकीय प्राथमिक विद्यालय में मिड-डे मील के खाने में सोमवार को कीड़े निकले। इस पर अभिभावकाें ने स्कूल में जमकर बवाल काटा और सरपंच से मिलकर स्कूल प्रशासन की शिकायत कर कार्रवाई की मांग की।
जानकारी के अनुसार गांव हडौली के राजकीय प्राथमिक विद्यालय में सोमवार को आंगनबाड़ी वर्कर सुखपाल कौर व गीता देवी ने मिड-डे मील के तहत चावलाें की खिचड़ी बनाई थी। यह खिचड़ी जब बच्चाें को परोसी गई तो बच्चाें ने अध्यापकाें से इस खाने में कीडे़ होने की शिकायत की, लेकिन किसी ने भी उनकी बात पर गौर नहीं किया। इसके बाद बच्चाें ने भोजन नहीं खाया और इसे अपने साथ घर ले गये। घर जाकर बच्चाें ने खाने को अपने अभिभावकाें को दिखाया। इस पर अभिभावकों का पारा सातवें आसमान पर पहुंच गया। ग्रामीण सूरजभान, राम कुमार, प्रताप सिंह आदि ने बताया कि बच्चाें के खाने को बनाने में लापरवाही बरतना काफी गंभीर बात है। उन्हाेंने बताया कि यदि बच्चे खाना खा लेते तो उनका स्वास्थ्य भी बिगड़ सकता था। बच्चों के अभिभावक स्कूल के मुख्याध्यापक व सरपंच से मिले और दोषी कर्मचारियाें पर कार्रवाई की मांग की। मिड-डे मील का खाना बनाने वाली सुखपाल कौर व गीता देवी ने बताया कि उन्होंने चावल साफ करके खिचड़ी बनाई थी। चावलाें में कीड़े कहां से आए उनको कोई जानकारी नहीं है।
कोट
सोमवार को तैयार किए गये खाने में कोई कमी नहीं है। स्कूल में चल रही गुटबाजी के कारण ऐसे आरोप लगाए जा रहे हैं, जो पूरी तरह बेबुनियाद हैं।
मुख्याध्यापक गमदूर सिंह, राजकीय प्राथमिक विद्यालय हड़ौली
कोट
यह मामला उनके संज्ञान में नहीं है। वह इसकी जांच करवाएंगे। जांच में दोषी पाए जाने वाले कर्मचारी पर कार्रवाई की जाएगी।
खंड मौलिक शिक्षा अधिकारी, बलबीर सिहाग