जींद। रामनगर में शनिवार रात को विवाह समारोह में फोटोग्राफर के बहाने चोरी करने की कोशिश करते दो युवकों को लोगों ने धर दबोचा और धुनाई कर खंभे से बांध दिया। बाद में पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों युवकों को मुक्त कराया और अपनी हिरासत में लिया।
रामनगर निवासी दयानंद के बेटे रिंकू और बेटी ज्योति की शनिवार को शादी थी। बेटी की विदाई और बेटे की घुड़चढ़ी के बाद दयानंद के घर आए मेहमान सोने की तैयारी में थे। उसी दौरान दो युवक खुद को फोटोग्राफर बताते हुए घर में घुस गए। दोनों युवकों की कार्यशैली पर दयानंद के घर आए लोगों को संदेह हो गया। इसके चलते दोनों पर नजर रखनी शुरू कर दी। रविवार अल सुबह लगभग तीन बजे युवकों ने गैस सिलेंडर सहित कुछ अन्य सामान को एकत्रित कर ऊपर से खाली प्लाट में फेंक दिया। उसी दौरान युवकों पर नजर परिवार के सदस्यों की पड़ गई। परिजनों ने दोनों युवकों को पकड़ने की कोशिश की लेकिन दोनों दीवार फांदकर फरार हो गए। लोगों की नजरों से बचकर दोनों युवक नजदीक की बंद फैक्टरी में छिप गए और दोनों वहीं पर सो गए। सुबह फैक्टरी मालिक नवीन जब फैक्टरी में पहुंचा तो दोनों युवकों को सोते पाया। जब दोनों को फैक्टरी से बाहर निकाला गया तो दयानंद के परिवार के लोगों ने उन्हें पहचान लिया। लोगों ने दोनों को पकड़कर उनकी जमकर धुनाई की और खंभे से बांध दिया। घटना की सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंच और दोनों युवकों को हिरासत में ले लिया। पुलिस पूछताछ में पकड़े गए युवकों की पहचान गुप्ता कालोनी निवासी अनिल, राम कालोनी निवासी सुरेंद्र के रूप में हुई है।