फतेहाबाद। पंचायत भवन में मंगलवार को पुलिस सुरक्षा के बीच अंग्रेजी और देशी शराब के ठेकों की नीलामी के लिए टेंडर खोले गए। इसमें अंग्र्रेजी शराब के 12 ग्रुप व देशी शराब के 30 ग्रुपों के टेंडर खोले और अधिकतम बोलीदाता को अलॉट किए गए। विभाग की ओर से अंग्रेजी शराब के 34 ठेकों के 12 ग्रुप बनाए गए थे। इसमें बस स्टेंड फतेहाबाद, औद्योगिक एरिया व रतिया चुंगी के ग्रुप का टेंडर सबसे महंगा 2.55 करोड़ में छूटा। इस ग्रुप की रिजर्व राशि 2.05 करोड़ निर्धारित की गई थी। इसी प्रकार से रेलवे स्टेशन जाखल, तलवाड़ा व कुलां ग्रुप की रिजर्व राशि 1.20 करोड़ रुपये निर्धारित की गई थी और यह ग्रुप 1 करोड़ 35 लाख 90 हजार रुपये में छूटा।
देशी शराब के 87 ठेकों के 31 ग्रुप बनाए गए थे। म्योंद कलां, शकरपुरा ग्रुप से सबसे अधिक राजस्व प्राप्ति हुई। इस ग्रुप के लिए रिजर्व राशि 90 लाख रुपये निर्धारित की गई जबकि इस ग्रुप से 1.19 करोड़ रुपये की राजस्व प्राप्ति हुई। इसी प्रकार बुआण, सांचला व सनियाना ग्रुप से 1.50 करोड़ का राजस्व प्राप्त हुआ। बस स्टैंड टोहाना, भूना रोड़ टोहाना, जमालपुर रोड़ टोहाना के ग्रुप से 2.08 करोड़ का राजस्व प्राप्त हुआ। बीघड़, बड़ोपल व भोड़ा होसनाक ग्रुप से 2.25 करोड़ रुपये राजस्व प्राप्ति हुई। मालूम हो कि बीते वर्ष अंग्रेजी ठेकों से 14.59 करोड़ और देशी ठेकों से 41.29 करोड़ रुपये राजस्व की प्राप्ति हुई थी। इस वर्ष अंग्रेजी ठेकों से 15.59 करोड़ और देशी ठेकों से 50.63 करोड़ रुपये राजस्व की प्राप्ति हुई।