डबवाली (सिरसा)। गांव खुईयांमलकाना स्थित 33 केवी सबस्टेशन ठप होने से छह गांवों के लोगों ने अंधेरे में रात गुजारी। शुक्रवार को शिकायत लेकर गांव मांगेआना के ग्रामीणाें ने डबवाली स्थित 132 केवी सबस्टेशन पर पहुंचकर प्रदर्शन करते हुए नारेबाजी की। बाद में उपमंडलाधीश कार्यालय के समक्ष भी ग्रामीणों ने नारेबाजी कर ज्ञापन सौंपा।
गांव खुईयांमलकाना स्थित 33 केवी सबस्टेशन से गांव खुईयांमलकाना, दीवानखेड़ा, सांवतखेड़ा, पन्नीवाला रूलदू, मांगेआना तथा नीलियांवाली को बिजली मिलती है। इसके साथ ही नलकूलों के लिए गांव किंगरा, मटदादू, मिठड़ी, मौजगढ़, पन्नीवाला रूलदू, टप्पी, तथा खुईयांमलकाना की बिजली दी जाती है। बुधवार देर रात करीब 12 बजे ग्रिड अचानक ठप हो गया। इसके बाद गांवों में अंधेरा छा गया। वीरवार रात करीब 11 बजे बिजली बहाल हो सकी। शुक्रवार सुबह छह बजते ही बिजली फिर गुल हो गई। इससे ग्रामीणों में रोष व्याप्त हो गया। मांगेआना के ग्रामीण सरपंच जगसीर सिंह, पूर्व सरपंच भगत सिंह, हरबंस सिंह, हरफूल सिंह, दर्शन सिंह के नेतृत्व में गांव डबवाली स्थित 132 केवी बिजलीघर में पहुंचे। मौके पर न तो कार्यकारी अभियंता ही और न ही उपमंडल अभियंता मौजूद थेे। नाराज ग्रामीणों ने निगम के खिलाफ नारेबाजी की। बाद में उपमंडलाधीश कार्यालय के समक्ष पहुंचकर नारेबाजी की। एसडीएम सुभाष श्यौराण को ज्ञापन भी सौंपा। ज्ञापन में ग्रामीणों ने गांव मांगेआना को देसूजोधा सबस्टेशन से जोड़े जाने की मांग की।
ग्रामीणों के अनुसार खुईयांमलकाना सबस्टेशन पर लोड ज्यादा होने के कारण उन्हें बिजली नहीं मिल पाती है। ज्ञापन लेने के बाद उपमंडलाधीश ने समस्या का समाधान करने का आश्वासन दिया। दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम मंडल डबवाली के कार्यकारी अभियंता अशोक भनोट ने बताया कि खुईयांमलकाना सबस्टेशन के करेंट ट्रांसफार्मर (सीटी) में खराबी आ गई थी जिसे ठीक करवाकर बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई है। अभियंता के अनुसार शुक्रवार को वे और एसडीई आरएस ढांडा बिलिंग के सिलसिले में सबस्टेशनों का दौरा कर रहे थे। इसकी वजह से वे कार्यालय में नहीं मिले।