हिसार। कांग्रेस सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि प्रदेश के हिसार और करनाल में बनने वाले एयरपोर्ट तीन साल में बनकर तैयार हो जाएंगे। एयरपोर्ट के निर्माण के लिए प्रदेश सरकार नागरिक उड्डयन मंत्रालय को 50-50 करोड़ रुपये की राशि जमा करवा रही है। सांसद ने यह बात शुक्रवार को कांफेड के चेयरमैन बजरंगदास गर्ग के आवास पर पत्रकारवार्ता में कही।
दीपेंद्र ने कहा कि प्रदेश के अपने एयरपोर्ट होंगे तो निवेश के अवसर बढ़ेंगे और विकास को नई गति मिलेगी। सांसद ने कहा कि दिल्ली का एयरपोर्ट का फायदा गुड़गांव सहित दक्षिण हरियाणा के बड़े हिस्से को मिला है। इसी तरह जीटी रोड पर स्थित करनाल और राष्ट्रीय राजमार्ग-10 पर हिसार में एयरपोर्ट बनेंगे।
इस मौके पर मुख्य संसदीय सचिव विनोद भयाणा, विधायक संपत सिंह, रामनिवास घोड़ेला, पूर्व केंद्रीय मंत्री व जिला कांग्रेस के अध्यक्ष जयप्रकाश, हरि सिंह सैनी, पूर्व विधायक कुलबीर बैनीवाल, चेयरमैन भूपेंद्र गंगवा, धर्मबीर गोयत आदि उपस्थित थे।
आधुनिक तकनीक से सुसज्जित होंगे एयरपोर्ट
हिसार का 490 और करनाल का 499 एकड़ में एयरपोर्ट बनाया जाएगा। करनाल और हिसार में बनने वाले घरेलू एयरपोर्ट रन-वे एंड सेफ्टी एरिया, आइसोलेशन-बे, मॉड्यूलर पैसेंजर, एटीसी और कार्गो-टर्मिनल जैसी आधुनिकतम सुविधाआें से सुसज्जित होंगेे।
प्रदेश के पहले एयरपोर्ट होंगे
करनाल और हिसार में बनने वाले घरेलू एयरपोर्ट प्रदेश के पहले हवाई अड्डे होंगे। इससे पहले प्रदेश में एक भी एयरपोर्ट नहीं था। दोनों एयरपोर्ट पर डबल इंजन वाले हवाई जहाज एटीआर-72 तथा क्यू-400 के लिए भी उड़ने व चढ़ने की सुविधाएं होंगी। इसके लिए 2000 मीटर लंबा और 45 मीटर चौड़ा रन-वे बनाया जाएगा। इन एयरपोर्टों पर रन-वे के साथ ही रन-वे एंड सेफ्टी एरिया बनाया जाएगा।
2000 यात्रियों की क्षमता वाला टर्मिनल भवन बनेगा
करनाल और हिसार में देश के कुछ खास एयरपोर्टों की तरह मॉड्यूलर पैसेंजर और 2000 यात्रियों की क्षमता वाला टर्मिनल भवन जैसी आधुनिक सुविधाएं होंगी। एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) टॉवर और फायर स्टेशन भी हवाई अड्डों पर लगाए जाएंगे। एयरपोर्ट स्टाफ के लिए आवासीय कालोनी दूसरे चरण में विकसित की जाएगी।
हांसी-महम के बीच कार्गो एयरपोर्ट मांगा था
दीपेंद्र ने कहा कि देश में 50 प्रस्तावित नए हवाई अड्डों की सूची में पहले हरियाणा का जिक्र नहीं था। इसे लेकर वे प्रधानमंत्री से मिले थे और प्रदेश में मंजूर हुए हिसार, करनाल के अलावा नारनौल में एयरपोर्ट और हांसी-महम के बीच कार्गो एयरपोर्ट की मांग की थी। नारनौल और हांसी-महम के बीच कार्गों के लिए कोशिश जारी है।