होडल। गांव मर्रोली के सरपंच और उसके साथियों ने रविवार सुबह मुंडकटी नाके पर एक पुलिसकर्मी से मारपीट कर उसकी वर्दी फाड़ दी। सूचना मिलते ही होडल थाना पुलिस और डीएसपी वीरेंद्र सिंह मौके पर पहुंच गए और आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक मुंडकटी नाके पर रविवार को सिपाही धर्मेंद्र की तैनाती थी। इसी दौरान वहां मर्रोली गांव का सरपंच ब्रह्मप्रकाश अपने भाई राजबीर और दो दर्जन लोगो के साथ पहुंचा। सभी ने धर्मेंद्र को अपशब्द कहते हुए मारपीट शुरू कर दी। मारपीट देख नाके पर तैनात अन्य सिपाही और नाका इंचार्ज मलखान भी वहां पहुंच गए और उन्होंने सिपाही को सरपंच और साथियों से छुड़ाया। हमलावरों ने धर्मेंद की वर्दी फाड़ दी गई और उसकी टोपी लेकर भाग गए।
धर्मेंद्र ने डीएसपी को बताया कि दो दिन पूर्व सरपंच का भाई राजबीर शराब के नशे में उसके पास आया और किसी सिपाही के बारे में पूछताछ करने लगा। धर्मेंद्र से संबंधित सिपाही के छुट्टी पर गए होने की जानकारी दी तो उसने गाली-गलौच शुरू कर दी। रविवार को सरपंच अपने भाई और साथियों के साथ वहां पहुंचा और सिपाही से मारपीट शुरू कर दी।