पलवल। स्कूलों में बच्चों की संख्या बढ़ाने के उद्देश्य से मिड डे मील का प्रचार बढ़ाया जाएगा। शिक्षा विभाग ने आम बच्चों और अभिभावकों में इसे लोकप्रिय बनाने के लिए इसका लोगो बनाया है। यह पूरे प्रदेश के स्कूलों की दीवारों पर छापा जाएगा। इसके लिए विभाग ने जिला शिक्षा अधिकारियों को इससे संबंधित आदेश दे दिए हैं।
मिड डे मील के खाने में कभी कीड़े मिलने, कभी कच्चा खाना परोसने व घटिया क्वालिटी की सामग्री के उपयोग के चलते शिक्षा विभाग द्वारा बच्चों को दिया जाने वाला मिड डे मील सुर्खियों में बना रहता है। फजीहत झेल रहे शिक्षा विभाग ने इसे बच्चों व अभिभावकों में लोकप्रिय बनाने के लिए इसका लोगो तैयार किया है। इसमें संकेत के रूप में मिंड डे मील लेने वाले चार लड़कों व चार लड़कियों को हाथों में थाली लिये हुए दिखाया गया है। वहीं इसके नीचे मिड डे मील हिंदी व अंग्रेजी में लिखा है। इस चित्र के जरिए दिखाया गया है कि स्कूलों में बच्चों को पढ़ाई के साथ ही दोपहर का खाना भी दिया जाता है। उप जिला शिक्षा अधिकारी शंकर लाल ने बताया कि मिड डे मील के प्रचार को लेकर लोगो बनाया गया है। जिले में मिड डे मील देने वाले 534 स्कूल हैं। इनमें से 386 प्राइमरी स्कूल व 148 मिडिल स्कूल शामिल हैं। उन्होंने जिले के सभी स्कूलों की बाहरी दीवारों पर लोगो अंकित करवाने के आदेश दे दिए हैं। इस लोगो का फोटो भी शिक्षा विभाग ने अपनी वेबसाइट पर डाल दिया है। वहां से इसकी कॉपी निकाली जा सकती है।