होडल। शहर में इन दिनों चल रही बिजली की अघोषित कटौती के कारण कई इलाकों में पेयजल संकट गहराने लगा है। शहर के कई इलाकों में रात-रात भर बिजली गायब रहने के कारण लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा हैं। बार-बार शिकायत के बावजूद भी समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि गर्मी में भी दिन व रात के समय दर्जनों बार कटौती की जा रही है। अघोषित कटों का भी बिजली विभाग ने कोई शेड्यूल निश्चित नहीं किया है। शहर के कई मोहल्लों व कॉलोनियों में पेयजल संकट गहराने लगा है। खारा पानी पीकर या फिर पानी खरीदकर प्यास बुझानी पड़ रही है। बार-बार शिकायत करने व कटौती के कारण पूछने पर भी कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला।
बिजली निगम के एक्सईन विकास मोहन दहिया ने कहा कि 66 केवी लाइन में तकनीकी खराबी के कारण मंगलवार रात बिजली की समस्या से लोगों को जूझना पड़ा था। किसी लाईन में ब्रेकडाउन के कारण इन दिनों कटौती हो रही है, यह भी जल्दी दूर हो जाएगी।