पंचकूला। सनातन धर्म मंदिर प्रबंधक कमेटी की ओर से सेक्टर-20 स्थित प्राचीन महाकाली शिव मंदिर का पुनर्श्लान्यास करवाया जा रहा है। प्रबंधन कमेटी ने निर्णय लिया है कि मंदिर के पुराने भवन को ध्वस्त कर करीब ढाई करोड़ रुपये की लागत से एक भव्य मंदिर का निर्माण करवाया जाएगा। 18 सितंबर को शाम छह बजे हरियाणा के लोक निर्माण एवं संसदीय कार्यमंत्री रणदीप सिह सुरजेवाला मंदिर का शिलान्यास करेंगे। कमेटी के प्रधान सुशील गर्ग, महासचिव जगमिंदर गर्ग, केके जिंदल, सुरेश अग्रवाल, युवराज, आशीष गर्ग ने बताया कि नक्शे के मुताबिक बेसमेंट, पहली मंजिल पर मंदिर तथा दूसरी मंजिल पर कमरों का निर्माण करवाया जाएगा। सुशील गर्ग ने बताया कि कमेटी की ओर से शिलान्यास समारोह के दौरान मंत्री से मंदिर के लिए एक हजार मीटर जमीन तथा पार्किंग के लिए भी जगह देने हेतु अनुरोध किया जाएगा। सुशील गर्ग एवं जगमिन्दर गर्ग ने बताया कि कमेटी वर्ष 2000 से इस मंदिर की देखरेख कर रही है।
वर्ष 2002-3 में यह कमेटी रजिस्टर्ड हो गई थी, उसके बाद से कमेटी लगातार सुचारू रूप से मंदिर का कामकाज देख रही है। उन्होंने कहा कि जिस जमीन पर मंदिर बना हुआ था वह जमीन हुडा ने अधिग्रहण कर ली थी, लेकिन उसके बाद मंदिर कमेटी ने हरियाणा सरकार से अनुरोध करके जमीन को मंदिर के नाम अलाट करवाए जाने की मांग की थी। सुशील गर्ग ने बताया कि मुख्यमंत्री ने यहां एक हजार मीटर जमीन मंदिर के नाम अलाट करने का हुडा को एक मई 2008 को आदेश दिया था, लेकिन उसके बावजूद हुडा ने 13 अगस्त 2010 को मंदिर को मात्र 540 वर्ग मीटर जमीन अलाट की। उन्होंने बताया कि इस समय कमेटी के पास 35 लाख रुपये की दान राशि है। उन्होंने बताया कि कमेटी में कुल 26 स्थाई सदस्य हैं। 140 ऐसे सदस्य हैं, जो हर महीने मंदिर को दान देते हैं।