नरेला (सोनीपत)। नरेला-अलीपुर रोड पर पीसीआर वैन में ड्यूटी दे रहे एक हेड कांस्टेबल ने अपनी सर्विस रिवाल्वर से गोली मारकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों के हवाले कर दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
दिल्ली के गांव प्रह्लादपुर निवासी जितेंद्र (40) दिल्ली पुलिस में हवलदार था। रविवार रात वह पीसीआर वैन पर अपनी टीम के साथ नरेला-अलीपुर रोड स्थित मिड्डा फार्म हाउस के बाहर ड्यूटी दे रहा था। इस दौरान उसके साथी गरमी के चलते वैन से बाहर निकल गए और जितेंद्र वैन में ही बैठा रहा। कुछ देर बाद उसने अपनी सर्विस रिवाल्वर से अपनी ठुड्डी पर गोली दाग दी। गोली की आवाज सुनते ही पुलिस टीम के सदस्यों ने उसे संभाला और तुरंत नरेला के राजा हरिश्चंद्र अस्पताल में पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने सोमवार को शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों के हवाले कर दिया। नरेला थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।