खरखौदा (सोनीपत)। वार्ड नंबर नौ के पास बुधवार को लोगों को खेतों में जामुन के पेड़ से एक किशोर का शव लटका दिखाई दिया। उन्होंने तुरंत पुलिस को अवगत कराया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर उसकी शिनाख्त कराई जिसकी पहचान वार्ड-9, महावीर कालोनी निवासी दीपक (15) पुत्र रामकुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों के हवाले कर दिया है। वहीं, परिजनों ने गोपालपुर के कुछ युवकों पर आरोप लगाया कि उन्होंने दीपक व उसके भाई की मंगलवार को गोपालपुर चौक पर मोबाइल को लेकर पिटाई की थी। इसकी वजह से ही दीपक ने खुद को फांसी लगाई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
गोपालपुर मार्ग पर बुधवार सुबह लोगों को खेत में पेड़ से लटका एक किशोर का शव दिखाई दिया। उन्हाेंने आसपास के लोगों व पुलिस को भी मामले की जानकारी दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पेड़ से नीचे उतारकर शिनाख्त के बाद सामान्य अस्पताल से पोस्टमार्टम कराकर परिजनों के हवाले कर दिया।
दीपक के पिता व अन्य परिजनों ने पुलिस को बताया कि दीपक अपने साथ पढ़ने वाले साथी से एक मोबाइल लेकर आया था। मंगलवार को उनके पास गोपालपुर निवासी एक युवक का फोन आया कि यह फोन उसका है जिसे दीपक ने चोरी किया है। इसके बाद युवक ने दीपक को गोपालपुर चौक पर मोबाइल लेकर आने को कहा। दीपक जब अपने भाई अशोक को लेकर गोपालपुर चौक पर पहुंचा तो वहां पर कई युवकों ने दीपक व उसके भाई को पीटा और उनसे फोन और 10 हजार रुपये भी ऐंठ ले लिए। इसके बाद दीपक व उसका भाई घर आ गए। उनका कहना है कि दीपक घटना से काफी आहत था।
बुधवार अल सुबह करीब ढाई बजे दीपक घर से निकला और साथ लगते खेतों में जाकर जामुन के पेड़ से लटकर फांसी लगा ली। पुलिस ने मृतक की जेब से सुसाइड नोट बरामद किया है जिसमें उसने खुद को निर्दोष बताते हुए कहा है कि मैं चोर नहीं हूं। जिससे मैंने फोन लिया है वह मेरे साथ मेरी कक्षा में पढ़ता है। जिसका नाम अजय पुत्र प्रताप है और उसका मोबाइल नंबर मेरे मोबाइल में भी है।