पानीपत। असंध रोड स्थित एक प्रॉपर्टी डीलर के कार्यालय पर दो पक्ष पुराने विवाद को लेकर आपस में भिड़ गए। दोनों के बीच जमकर लाठी-डंडे चले। कई राउंड फायरिंग भी हुई। विवाद में जिला पुलिस के एक थानेदार के लड़के को गोली लग गई। दो अन्य लोग डंडे लगने से घायल हो गए। एक पक्ष के लोगों ने दूसरे पक्ष की खड़ी दो गाड़ियों को तोड़ दिया। गंभीर रूप से घायल थानेदार के लड़के को शहर के एक निजी अस्पताल में दाखिल कराया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
थाना मॉडल टाउन के अंतर्गत असंध रोड स्थित भारत कंपनी के पेट्रोल पंप के साथ लगते प्रॉपर्टी डीलर के एक ऑफिस पर रविवार को दो पक्ष आपस में भिड़ गए। दोनों पक्ष एक पुराने विवाद में समझौता कराने को लेकर पहुंचे थे। इसी दौरान दोनों में विवाद गहरा गया। दोनों के बीच वहीं पर लठ और डंडे चलने शुरू हो गए। इसमें प्रॉपर्टी डीलर के कार्यालय के शीशे टूट गए। इसी समय कार्यालय पर तैनात लोगों ने फायरिंग शुरू कर दी जिसमें एक गोली दूसरे पक्ष के नवीन को लग गई और वह लहूलुहान हो गया। नवीन जिला पुलिस में तैनात एक सब इंस्पेक्टर का बेटा है।
इस पक्ष के लोग साथी के घायल होने पर भाग निकले और उसको शहर के एक निजी अस्पताल में दाखिल कराया। इसी समय दूसरे पक्ष के लोगों ने वहां पर खड़ी उनकी तीन में से दो गाड़ियों के शीशे तोड़ दिए। वहीं प्रॉपर्टी डीलर पक्ष के सुनील निवासी धनसौली और अमित निवासी नांगल खेड़ी घायल हो गए। इनको सिविल अस्पताल में दाखिल कराया। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी योगेश कुमार और डीएसपी बदन सिंह मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तीनों गाड़ियों को कब्जे में ले लिया और मामले की जांच शुरू कर दी।
दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर जड़े आरोप
एक पक्ष के विकास मलिक ने बताया कि उनका असंध रोड पर प्रॉपर्टी डीलर का कार्यालय है। वे रविवार को अपने कार्यालय में बैठे हुए थे। इसी समय कुछ लोग सुनील को तलाश करते हुए वहां पर पहुंच गए। उन्होंने आते ही मेज को बजाना शुरू कर दिया और रोकने पर मारपीट कर दी। उन्होंने बचाव में दुनाली बंदूक से हवाई फायर कर दिए जिसके बाद वे फरार हो गए। इसके बाद आक्रोशित भीड़ ने दो गाड़ियों के शीशे तोड़ दिए। वहीं दूसरे पक्ष के दिलावर का कहना है कि एक पुराने विवाद में समझौता कराने के लिए उनके फोन आ रहे थे। वे रविवार को समझौता करने के लिए गए थे। दूसरे पक्ष ने उन पर हमला बोल दिया और कई राउंड फायर कर दिए। एक गोली उनके साथी नवीन को लग गई। वे झगड़ा करने के लिए नहीं गए थे।
गाड़ी से एक्टिवा टकराने पर बना विवाद
दोनों पक्षों की मानें तो विवाद गाड़ी से एक बच्चे की एक्टिवा पीछे से टकराने पर हुआ। बताया जा रहा है कि एक पक्ष का दिलावर शनिवार को गाड़ी से जा रहा था। मॉडल टाउन में उसकी गाड़ी एक्टिवा सवार दो बच्चों ने पीछे से ठोक दी। उसने दोनों बच्चों को धमका दिया और उनके पिता से इस बारे में बात की। इसी समय पीछे से प्रॉपर्टी डीलर के कार्यालय पर काम करने वाला सुनील पहुंच गया। आरोप है कि सुनील कई लोगों को साथ लेकर काफी देर तक दिलावर का पीछा करता रहा। दूसरे पक्ष का कहना है कि वे (दिलावर पक्ष) के लोग रात को उनके घर पर झगड़ा करने की नीयत से पहुंच गए। वहां पर दोनों के बीच का एक व्यक्ति मिल गया। जहां पर दोनों में सुलह करने की कही।
वर्जन
असंध रोड पर दो पक्षों में झगड़ा हो गया था जिसमें दो गाड़ियों के शीशे तोड़ दिए और एक युवक को गोली लगी है। पुलिस सूचना मिलते ही मौके पर पहुंच गई थी और पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
योगेश कुमार, प्रभारी, थाना माडल टाउन, पानीपत।