कोसली (रेवाड़ी)। स्वास्थ्य मंत्री राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि विद्यार्थी सुखद भविष्य के लिए अपना लक्ष्य निर्धारित कर उसे पाने के लिए कड़ा परिश्रम करें। वे रविवार को गांव दड़ौली स्थित राव निहाल सिंह पब्लिक स्कूल में आयोजित विचार ‘बौछार’ कार्यक्रम में विद्यार्थियों और अभिभावकों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि शिक्षण संस्थाएं बच्चों को एक अच्छी तालीम देकर महान नागरिक बनाने में अपना योगदान दें।
उन्होंने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की। स्वास्थ्य मंत्री और सीपीएस अनीता यादव ने सीबीएसई नार्थ जोन कलस्टर में 20 पदक लाने वाले संस्थान के छात्र-छात्राओं को मेडल पहनाकर सम्मानित किया। उन्हाेंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों ने कड़ी मेहनत करके प्रतियोगिताओं में मेडल जीते हैं, यह संस्थान के लिए गौरव की बात है।
विशिष्ट अतिथि मुख्य संसदीय सचिव अनीता यादव ने कहा कि खेल जीवन का एक अभिन्न अंग हैं। खेेलों में भाग लेने से न केवल शारीरिक विकास होता है बल्कि मानसिक विकास भी होता है। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे दड़ौली आश्रम के महंत स्वामी शरणानंद ने शिक्षण संस्थान के निदेशक और स्टाफ को बधाई दी। इस अवसर पर विद्यालय के निदेशक राय सिंह, प्रधानाचार्य डा. राजकुमार, खंड शिक्षा अधिकारी जाटूसाना रणधीर सिंह, समाजसेवी विजय कुमार यादव, सरपंच श्योराज सिंह, पूर्व सरपंच सतीश कुमार, राव ताराचंद, पंच जगदेव, सुरेंद्र यादव, राजकुमार, पूर्व प्रबंधक रंगराव, महेंद्र सिंह यादव आदि मौजूद रहे।