रेवाड़ी। कोसली के गांव झाल में महिला को कुचलकर उसकी बेटी को उठा ले जाने के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी रतनथल गांव निवासी गोविंद को बहरोड़ से गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, पुलिस ने अगवा की गई युवती को भी गिरफ्तार किया है। पुलिस का कहना है कि युवती की भी इस मामले में संलिप्तता है।
पुलिस ने महिला की गाड़ी से कुचलकर हत्या करने के आरोप में 20 के खिलाफ मामला दर्ज किया था, जिनमें से 7 को शनिवार को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने कांड में प्रयुक्त तीनों गाड़ियों को भी जब्त कर लिया है। पुलिस अधीक्षक पंकज नैन ने बताया कि शेष आरोपियों की पहचान हो गई है, जिन्हें शीघ्र गिरफ्तार कर लिया जाएगा। एसपी ने बताया कि मुख्य आरोपी ने 20 जुलाई को गांव झाल में युवती के घर के बाहर हवा में फायर किया था, जिसका पुलिस ने मामला दर्ज किया था।
15 अगस्त को दोपहर 12 बजे रतनथल निवासी गोविंद तीन गाड़ियों में अपने साथियों को लेकर युवती के घर आया और उसे ले जाने लगा। इस पर युवती की मां ने उसका विरोध किया तो आरोपियों ने उसे पीटकर गाड़ी से कुचल दिया। इसके बाद ग्रामीणों ने पुलिस की ढीली कार्रवाई के विरोध में सात घंटे जाम लगाया था और कई अफसरों की गाड़ियों को तोड़ दिया था।
ये हुए गिरफ्तार
कोसली पुलिस ने सभी आरोपियों पर अपहरण, हत्या और उपद्रव करने के आरोप में मामला दर्ज किया था। शनिवार को पुलिस ने युवती, मुख्य आरोपी गोविंद, दादरी निवासी श्याम, कसौला निवासी कुलदीप व सोनू उर्फ संदीप, भाड़ावास निवासी देवेंद्र, लिसाना निवासी केहर, प्रेम नगर दादरी निवासी नवीन और अमित को गिरफ्तार किया है।
तलाकशुदा है मुख्य आरोपी
बताया जा रहा है कि युवती गोविंद की रिश्तेदारी में है। गोविंद की शादी होने के बाद भी युवती के घर उसका आना-जाना था। इस वजह गोविंद का तलाक हो गया।