चंबा। शिक्षा विभाग को स्कूलों में सेवाएं दे रहे कर्मचारी अपनी चल और अचल संपत्ति का ब्योरा उपलब्ध नहीं करवा रहे हैं। इसके चलते शिक्षा विभाग के कर्मियों का संपत्ति से संबंधी रिकार्ड आनलाइन करना मुश्किल हो रहा है। स्कूलों के मुखिया अभी तक विभाग के पास स्टाफ की संपत्ति संबंधी ब्योरा नहीं भेज पाए हैं। शिक्षा विभाग के अनुसार जिले के 70 के करीब स्कूलों में सेवाएं दे रहे कर्मचारियों का संपत्ति संबंधी रिकार्ड आन लाइन नहीं हो पाया है। शिक्षा विभाग ने इन स्कूलों को एक सप्ताह के अंदर रिकार्ड आनलाइन करने के आदेश दिए हैं। साथ ही चेताया है कि तय समय के अंदर स्कूलों के मुखिया रिकार्ड को आनलाइन नहीं करते हैं तो उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। विभाग पहले भी मुखियों को संपत्ति संबंधी ब्योरा आनलाइन करने के आदेश दे चुका है। रिकार्ड आनलाइन न होने के कारण कर्मचारी की संपत्ति संबंधी कोई भी जानकारी नहीं मिल पा रही है। इस कारण शिक्षा विभाग की परेशानी काफी बढ़ गई हैं। बताया जा रहा है कि स्कूलों के मुखियों ने संपत्ति संबंधी रिकार्ड को विभाग के पास भेजने में रुचि नहीं दिखाई है। वहीं, उच्च शिक्षा उपनिदेशक विजय सिंह ठाकुर ने कहा कि स्कूलों को एक सप्ताह के अंदर कर्मचारियों की संपत्ति संबंधी ब्योरा विभाग को देना होगा। उन्होंने कहा कि 70 के करीब स्कूलों का रिकार्ड आनलाइन नहीं हो पाया है। उन्होंने कहा कि एक सप्ताह के अंदर रिकार्ड आनलाइन नहीं होता है तो मुखियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
और पढ़ें