चंबा। जिला अस्पताल में ईएनटी और स्त्री रोग विशेषज्ञ के खाली पद इस बार चुनावी मुद्दा बनेंगे। लोगों की लंबे समय से चली आ रही इन पदों को भरने की मांग अभी तक पूरी नहीं हो सकी है। इस कारण लोगों को उपचार करवाने में परेशानी पेश आ रही है। लंबे अरसे से जिला अस्पताल में ईएनटी और स्त्री रोग विशेषज्ञ के पद खाली हैं। चिकित्सकों के पद खाली होने के कारण मरीजों को इलाज करवाने में परेशानी पेश आ रही है। स्त्री रोग विशेषज्ञ न होने के कारण महिलाओं को उपचार करवाने दूसरे जिलों में जाना पड़ रहा है। वहीं, ईएनटी विशेषज्ञ का पद भी लंबे समय से खाली है। प्रदेश सरकार भी इन दोनों पदों को भरने में असमर्थ रही है। ईएनटी के चिकित्सक ने ज्वाइन भी किया, लेकिन दो माह बाद ही उन्होंने चंबा अस्पताल से अपना तबादला करवा लिया। लोगों की मांग को विशेषज्ञ डाक्टरों की कमी का हवाला देते हुए दरकिनार किया जाता रहा है। ज्ञात रहे कि स्त्री रोग विशेषज्ञ न होने के कारण पांच सालों में मौके पर विशेषज्ञ की सेवाएं न मिलने के कारण दर्जनों महिलाएं अपनी जान भी गवां चुकी हैं। इतना होने के बावजूद भी जिला अस्पताल में स्त्री रोग विशेषज्ञ की तैनाती नहीं हो पाई। इस मामले में जहां सत्ता पक्ष सवालों के घेरे में होगा, वहीं विपक्ष की भूमिका पर भी सवाल उठेंगे। विपक्ष की ओर से इस समस्या के समाधान के लिए कोई बड़ा प्रयास या आंदोलन नहीं हो सका है।
और पढ़ें