भरमौर (चंबा)। विधानसभा क्षेत्र भरमौर-पांगी के विधायक ठाकुर सिंह भरमौरी द्वारा मंत्री पद की शपथ लेने पर उनके समर्थकों ने खुशी मनाई है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पुराना बस स्टैंड खडली पर पटाखे फोड़े। इसके बाद चौरासी परिसर में भी मिठाइयां बांटी। इस विस क्षेत्र से पहली बार किसी विधायक को मंत्रिमंडल में जगह मिली है। उनके समर्थकों का पहले से ही दबाव बना रहता था कि भरमौरी को मंत्री पद दिया जाए।
पांचवीं बार विधानसभा पहुंचे ठाकुर सिंह भरमौरी को कई बार कांग्रेस की बैठकों और जनसभाओं में कैबिनेट मंत्री बनाने की मांग होती रही है। पहले जनजातीय क्षेत्रों भरमौर, पांगी और लाहुल स्पीति में चुनाव सरकार बनने के बाद होते थे। उस समय सरकार के मंत्री पहले ही तय हो चुके होते थे, लेकिन 2007 व 2012 के चुनाव एक साथ होने से इस विस क्षेत्र को भी कैबिनेट में जगह मिली है। बीते चुनावों में भाजपा ने भरमौर-पांगी से जीते तुलसी राम को स्पीकर पद से नवाजा था।
ठाकुर सिंह भरमौरी को मंत्रिमडल में जगह मिलने की आस में उनके अधिकतर समर्थक शिमला में आयोजित शपथ समारोह में पहुंच गए थे। इसके अलावा भरमौर में ब्लाक युवा कांग्रेस सचिव सुन्नू कुमार, सचुईं पंचायत के उपप्रधान पवन कुमार, वीर, संजय, सायंमड, तिलक, राकेश, संजय, सुनील व अन्य समर्थकों ने ठाकुर सिंह भरमौरी को मंत्री पद मिलने पर भरमौर में मिठाइयां बांटी।