चंबा। जिले के लोगों को पेयजल संकट से निजात मिलने वाली है। जल्द ही विभिन्न स्थानों पर बीस हैंडपंप लगने वाले हैं। बड़ी बात यह है कि अब हैंडपंप लगाने के लिए मंडल स्तर पर टेंडर होंगे। इससे एक ओर जहां स्थानीय ठेकेदारों को काम मिलेगा, वहीं निर्माण की प्रक्रिया भी जल्द हो जाएगी। सिंचाई एवं जनस्वास्थ्य विभाग ने मंडल स्तर पर हैंडपंप की टेंडर प्रक्रिया पूरी करने का निर्णय लिया है। पहले इसके लिए शिमला में टेंडर होते थे और काम भी वहीं से आवंटित किया जाता था।
और पढ़ें
इसके चलते जहां छोटे ठेकेदारों को काम नहीं मिलता था, वहीं टेंडर प्रक्रिया लंबी होने के कारण समय पर हैंडपंप लगाने का कार्य शुरू नहीं हो पाता था। इस कारण हैंडपंप का काम लटका रहता था। जिले में वर्ष विभिन्न मंडलों के लिए 75 हैंडपंप स्वीकृत हुए हैं। इसमें से लगभग 55 हैंडपंप विभिन्न स्थानों पर लगाए जा चुके है। जबकि, बचे हुए 20 हैंडपंप लगाने की प्रक्रि या जल्द शुरू होने वाली है। इससे सैकड़ों लोगों को पेयजल की समस्या से निजात मिलेगी। उधर, सिंचाई एवं जनस्वास्थ्य विभाग के अधीक्षण अभियंता एसके चौधरी ने बताया कि अब हैंडपंप के लिए जिला स्तर पर डिविजन वाइज टेंडर किए जाएंगे। जो हैंडपंप अभी लगाने हैं उनके लिए टेंडर मंडल स्तर पर होंगे। इसकी प्रक्रिया जल्द शुरू कर दी जाएगी।