भरमौर (चंबा)। उपमंडल भरमौर की पहाड़ियों पर दो से तीन सेंटीमीटर ताजा हिमपात हुआ है। इससे क्षेत्र में एक बार फिर से ठंड पड़ गई है। मंगलवार को सुबह के समय क्षेत्र में मौसम साफ था। दोपहर को अचानक मौसम खराब हो गया और बर्फबारी शुरू हो गई। इसके चलते सुपा, चौबिया, कुगति एवं मणिमहेश की पहाड़ियों पर दो से तीन इंच ताजा हिमपात हुआ है। हालांकि शाम के समय मौसम साफ हो गया लेकिन शीतलहर का प्रकोप जारी है। स्थानीय निवासी राकेश कुमार, सुनील, नरेंद्र, अशोक कुमार, शिव कुमार, जोगिंद्र , प्रीतम और वीरेंद्र ने बताया कि इस बार फरवरी माह में भी क्षेत्र में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। उन्होंने कहा कि जनवरी माह में भी इतनी ठंड महसूस नहीं हुई जितनी फरवरी माह के पड़ रही है। दिन के समय मौसम खराब और रात को साफ रहने से ज्यादा ठंड पड़ रही है। इससे लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो गया है।
.......
डलहौजी में हुई हल्की बर्फबारी
डलहौजी (चंबा)। पर्यटन नगरी में बिगड़ैल मौसम लोगों की परेशानी का सबब बना हुआ है। मंगलवार को भी अचानक बर्फ के फाहे गिरना शुरू हो गए और देखते ही देखते एक बार फिर पर्यटन नगरी सफेद चादर से ढक गई। हालांकि बारिश के कारण बर्फ कुछ देर ही टीक पाई। यहां के निवासियों को ठीक ढंग से धूप देखे कई दिन हो चुके हैं। लगातार दस दिनों से मौसम खराब चल रहा है। इस दौरान जमकर बारिश एवं बर्फबारी हो चुकी है। विभाग की माने तो आने वाले दिनों में भी इस कड़ाके की सर्दी से निजात मिलने के कोई आसार नहीं है। हालांकि शहर में कम बर्फबारी हुई है, मगर ऊपरी क्षेत्र कई इंच बर्फ से लदे पड़े हैं। खज्जियार, डायन कुंड, लक्कड़ मंडी क्षेत्र तो कई दिनों से बर्फ की चादर से बाहर ही नहीं आ पाए हैं। स्थानीय निवासी अमन, अश्वनी, पंकज एवं मोहित ने बताया कि इस वर्ष डलहौजी में अजीब सा मौसम देखने को मिल रहा है। ऐसा लग रहा है कि युरोप की तरह यहां भी मौसम की मार जारी है।