खडली बस स्टैंड में लग रहा जाम
भरमौर (चंबा)। उपमंडल भरमौर में टैक्सी स्टैंड नहीं होने के कारण आए दिन लोगों को जाम की समस्या से जूझना पड़ रहा है। पुराने बस स्टैंड खड़ली में सड़क के दोनों तरफ वाहन खड़े रहते हैं। इसी मार्ग से लोग जिला मुख्यालय व अन्य जगहों के लिए आते जाते हैं। ऐसे में इस स्थान पर काफी भीड़ रहती है। वीरवार को खडली बस स्टैंड पर आधा घंटा लंबा जाम लगा रहा।
उपमंडल भरमौर में टैक्सी स्टैंड न होने के कारण कई बार स्थानीय दुकानदार भी कई बार प्रशासन से मांग कर चुके हैं कि भरमौर में निजी वाहनों के लिए पार्किंग की व्यवस्था ही जाए। जिला मुख्यालय की ओर आने-जाने वाले निजी वाहन भी यहां खडली बस स्टैंड में खड़े होते हैं। चौरासी परिसर के लिए भी यहीं से रास्ता जाता है। स्थानीय लोगों विपन कुमार, देव राज, अनिल कुमार, देवेंद्र कुमार, अजीत और सुरेंद्र ने प्रशासन से मांग की है कि जब तक नया टैक्सी नहीं बनता है। तब तक वाहनों के लिए अस्थायी पार्किंग की व्यवस्था की जाए।