चुवाड़ी (चंबा)। चुवाड़ी नगर पंचायत में पार्किंग सुविधा नहीं है। इस कारण लोगों को वाहन खड़े करने के लिए सुविधा नहीं मिल पा रही है। पार्किंग के लिए करीब आठ साल पहले 26 लाख रुपये का बजट मंजूर हो चुका है। इसके बावजूद पार्किंग निर्माण नहीं हो पाया है। इस कारण जहां स्थानीय लोगों को वाहन खड़े करने में दिक्कत हो रही है, वहीं बाहर से आने वाले लोगों को भी इस समस्या से जूझना पड़ रहा है। पार्किंग के लिए बजट का प्रावधान होने के बाद कई वर्षों से मामला ठंडे बस्ते में ही है। वर्ष 2012 के बाद नगर पंचायत ने चुवाड़ी में पार्किंग निर्माण को टेंडर प्रक्रिया शुरू की, लेकिन पार्किंग के लिए जो जगह चयनित की गई थी उसके साथ निजी भूमि आती थी। इसके चलते टेंडर रद्द हो गए। इसके बाद नगर पंचायत पार्किंग के लिए जगह की तलाश कर रही है, लेकिन आज तक जगह नहीं मिल पाई है। इसके चलते पार्किंग का निर्माण कार्य अधर में लटक गया है। स्थानीय निवासी अक्षय, चमन, पवन, रमेश, कर्म सिंह, गोल्डी, चमन, नरेण सिंह व राजेश ने बताया कि पार्किंग न होने से वाहन चालक सड़क किनारे बेतरतीब ढंग से वाहन खड़े कर देते हैं। इससे जाम की स्थिति पैदा हो जाती है। इसके अलावा दुर्घटना का अंदेशा भी बना रहता है। उन्होंने नगर पंचायत से मांग की है कि पार्किंग के लिए जल्द जगह का चयन किया जाए व निर्माण कार्य शुरू किया जाए। उधर, नगर पंचायत प्रधान संतोष कुमारी ने बताया कि पार्किंग स्थल के लिए जगह न मिलने से दिक्कतें पेश आ रही हैं। उन्होंने कहा कि बुधवार को होने वाली नगर पंचायत की बैठक में इस संबध में चर्चा की जाएगी।