स्टाफ की कमी के कारण पांच ऑपरेशन रद
चंबा। क्षेत्रीय अस्पताल में स्टाफ की कमी के कारण सर्जरी के पांच आपरेशन रद करने पड़े हैं। अस्पताल के सर्जन ने पत्थरी से पीड़ित पांच लोगों को शुक्रवार को ऑपरेशन की डेट दी थी। शुक्रवार को आपरेशन थियेटर में एक ओरथो का ऑपरेशन होने के चलते सारा स्टाफ वहीं व्यस्त रहा। इससे पत्थरी के जरूरी ऑपरेशन नहीं हो पाए। इससे गरीब तबके के लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ी। पत्थरी के रोगी लंबे अरसे अस्पताल में उपचाराधीन थे और शुक्रवार को पांच रोगियों को आपरेशन की पूरी आस थी।
स्टाफ की कमी के चलते उनकी आस अधूरी रह गई। हालांकि अस्पताल में दो ऑपरेशन थियेटर हैं। अस्पताल में एनेस्थीसिया व अन्य स्टाफ की कमी के कारण सर्जन पत्थरी के ऑपरेशन नहीं कर पाए। मरीजों के साथ-साथ सर्जन डॉ. विक्रम लखनपाल को भी काफी निराशा हाथ लगी। उन्होंने इस संदर्भ में एक लिखित शिकायत सीएमओ को सौंपी और उनसे आग्रह किया है कि भविष्य में इस तरह नहीं होना चाहिए। अगर ऐसा होता है, तो इसका खामियाजा अस्पताल प्रबंधन को भुगतना पड़ेगा। सीएमओ अशोक गुप्ता ने बताया कि इस संबंध में उचित कदम उठाए जाएंगे।