चंबा। जिला कारागार चंबा में एक सजायाफ्ता कैदी ने जेल के मुख्य वार्डन पर हमला कर उसे घायल कर दिया। वार्डन कैदियों के बीच हो रही मारपीट के बाद दोनों को छुड़ाने के लिए सेल के अंदर गया था। इस दौरान इनमें से एक कैदी ने वार्डन को ही अपना निशाना बना लिया। इस संबंध में वार्डन की शिकायत के आधार पर पुलिस ने सदर थाना के तहत मामला दर्ज कर लिया है। डीएसपी वीर बहादुर ने चंबा जेल में मारपीट होने की पुष्टि की है। घटना के बारे में जेल के वार्डन जीत सिंह पुत्र छैली राम निवासी थंडोली ने पुलिस को बताया कि दस नवंबर को सजायाफ्ता कैदी सोनू व मुनीम आपस में झगड़ा कर रहे थे। इस दौरान ड्यूटी पर तैनात गृहरक्षक ने मुख्य वार्डन जीत सिंह को घटना की सूचना दी। जब जीत सिंह मौके पर पहुंचे और दोनों कैदियों को छुड़ाने की कोशिश की, तो सोनू पुत्र मनसा राम ने वार्डन पर ही हमला कर दिया। इस हमले में वार्डन को चोटें आई हैं। डीएसपी वीर बहादुर ने बताया कि पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। मौके पर जेल में तैनात सुरक्षा कर्मियों के भी बयान दर्ज किए गए हैं।