पुखरी (चंबा)। चंबा-तीसा मार्ग पर पुखरी नामक क्षेत्र के समीप एक मोटरसाइकिल हादसे में चालक एवं सवार घायल हो गए हैं। इसके बाद स्थानीय लोगों ने दोनों घायलों को चंबा अस्पताल पहुंचाया। यह हादसा बुधवार की देर रात लगभग दस बजे हुआ है, जिसमें मोटरसाइकिल पर सवार होकर दीपक और राजेश निवासी चंबा पुखरी से आ रहे थे लेकिन पुखरी में गत्तीघार के समीप यह मोटरसाइकिल अचानक अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई।
और पढ़ें
हादसे के बाद यह मोटरसाइकिल और दोनों सवार करीब दो सौ फुट नीचे लुढ़क गए, जिन्हें बाद में चिल्लाते हुए एक स्थानीय युवक ने सुना और उसने अन्य लोगों को एकत्रित करके घायलों को घटना स्थल से बाहर निकाला। इसके बाद उन्हें 108 एंबुलेंस की सहायता से क्षेत्रीय चिकित्सालय चंबा में पहुंचाया गया जहां पुलिस को इस मामले की सूचना मिलने पर उन्होंने घायलों का मेडिकल करवाकर मोटरसाइकिल चालक पर लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज कर लिया है। अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. रामकमल ने बताया कि उपचार के बाद घायलों की हालत में सुधार आया है।