राज्य महिला आयोग की कोर्ट में बुधवार को इंसानियत को झकझोर देने वाला मामला सामने आया।
45 वर्षीय एक महिला ने अपने पति और ससुराल वालों पर आरोप लगाए हैं कि उनके दबाव में उसने नौ बार बेटियों को कोख में ही मार डाला।
इसके बाद जो बेटा पैदा हुआ, वह आज अपनी मां के खिलाफ हो गया है। शिक्षा विभाग में प्रशासनिक पद पर तैनात पति और 16 बरस का बेटा भी आयोग के कोर्ट में महिला के सामने था।
महिला ने व्यथा बताई कि बेटे को उसके पति और ससुराल वालों ने उसके खिलाफ कर दिया है। अब बेटा उसे प्रताड़ित कर रहा है। महिला पति से अलग रह रही है।
महिला ने आयोग से खर्चे की राशि बढ़ाने और घर पर रहने के लिए अलग से कमरा दिलाने की मांग की। आयोग में हाजिर हुए महिला के पति ने ये दोनों मांगें कोर्ट में मान लीं।
हालांकि आयोग के पूछने पर बेटे ने अपनी मां के खिलाफ ही बयान दिया। यह केस भ्रूण हत्या पर समाज की हकीकत को बेपर्दा कर गया।