गोहर (मंडी)। उपमंडल मुख्यालय गोहर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अनेक समस्याओं से जूझ रहा है। करीब 50 पंचायतों के हजारों लोगों को स्वास्थ्य सुविधा प्रदान करने वाले इस स्वास्थ्य केंद्र में सुविधाएं नाममात्र हैं। सीएचसी में डाक्टरों के तीन पद रिक्त पड़े हैं। इसके अलावा ऑपरेशन थियेटर असिस्टेंट का पद भी खाली है। अस्पताल में सफाई व्यवस्था देखने वाले चार सफाई कर्मियों में से दो पद रिक्त हैं।
सीएचसी गोहर में एक्सरे तकनीशियन तैनात है लेकिन मशीन उपलब्ध नहीं। स्वास्थ्य केंद्र में रोजाना 100 से 150 ओपीडी रहती है। स्वास्थ्य सुविधाओं के अभाव से मरीजों को दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। यह स्वास्थ्य केंद्र जंजैहली तक लोगों को स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध करवाता है। इसके बावजूद सरकार व स्वास्थ्य विभाग ने अस्पताल की सुध नहीं ली। डॉक्टरों के खाली पदों के कारण अनेक बार आपातकालीन सेवाओं के दौरान मरीजों को दूसरे क्षेत्रों में जाना पड़ता है। प्रसव के लिए भी कई बार महिलाओं को जोखिम भरी हालत में यहां से मंडी रेफर किया जाता है। मुख्यमंत्री ने हाल ही में सीएचसी को अपग्रेड करने की घोषणा की है।
स्थानीय निवासियों ज्ञान चंद शर्मा, मनोज कुमार, चमन, धीरज, लेखराम, चंद्रमणि, उत्तम चंद, मुरारी लाल, रमेश कुमार, छविंद्र कुमार, रितेश गुप्ता, जय सिंह, धर्म सिंह, दीवान चंद, मेघ सिंह, नेत्र सिंह ठाकुर, हेम सिंह, प्रेम सिंह, प्रकाश चंद, मुरारी लाल राणा, प्रेम सिंह, हेमंत कुमार और जीवानंद ने बताया कि गोहर उपमंडल मुख्यालय स्थित सीएचसी में लोगों को असुविधाओं का सामना करना पड़ता है। लोगों ने सरकार से मांग की है कि इस अस्पताल में डॉक्टर के खाली पदों को जल्द भरा जाए और एक्सरे मशीन भी उपलब्ध करवाई जाए।
बीएमओ नरेश चंद ने बताया कि गोहर सीएचसी को अपग्रेड करने को लेकर औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं। जल्द ही इस अस्पताल में सभी सुविधाएं मुहैया करवाई जाएंगी।