रिवालसर (मंडी)। नगर पंचायत रिवालसर की बैठक शुक्रवार को नगर पंचायत अध्यक्ष बंशी लाल ठाकुर की अध्यक्षता में हुई। बैठक में ऐतिहासिक झील को साफ सुधरा बनाने के लिए सभी धर्मों के लोगों से विचार-विमर्श किया गया। झील की गाद को निकालने के लिए उपाय सुझाए। श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों की आस्था का प्रतीक इस पवित्र झील में गाद से जहां झील प्रदूषित हो रही है वहीं इसके प्रदूषण से हर वर्ष टनों के हिसाब से मछलियां भी मर जाती हैं। बैठक में बौद्धिष्ठ पदाधिकारी नदारद रहे। नगर पंचायत द्वारा प्रस्ताव पारित कर जिला प्रशासन और प्रदेश सरकार को स्वीकृति के लिए भेज दिया गया। नगर पंचायत रिवालसर की सचिव उर्वशी वालिया ने बताया कि ऐतिहासिक झील के अस्तित्व को बचाने और इसमें भरी गाद को निकालने बारे शुक्रवार को बैठक का आयोजन किया गया। इसमें शीघ्र ही झील से गाद निकालने और इसकी साफ सफाई कार्य को अंजाम देकर झील का सौंदर्यीकरण किया जाएगा।
इस अवसर पर बाबा धज्जाधारी नैणा माता मंदिर कमेटी के प्रधान किशोरी लाल, नगर पंचायत रिवासलर के पार्षद यशपाल सोनी, वीना देवी, लाभ सिंह, शकुंतला देवी, तृप्ता गुप्ता, सुलोचना देवी और अनिल गुप्ता मौजूद रहे।