मंडी में गोहर उपमंडल के धरोट के पास दुर्घटनाग्रस्त निजी बस।
- फोटो : अमर उजाला
गोहर (मंडी)। गोहर कांढा सड़क पर डडोह के समीप सीमाधार में वीरवार दोपहर जंजैहली से मंडी जा रही एक निजी बस चौहान बस सर्विस अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। हादसे में बस में सवार चालक समेत 16 लोग घायल हुए हैं। घायलों में 7 बच्चे 2 महिलाएं और 7 पुरुष हैं। सभी घायलों को नागरिक चिकित्सालय में भर्ती किया गया है। जहां बस चालक और एक छोटे बच्चे को मंडी रेफर किया गया है। एसडीएम गोहर राघव शर्मा ने सड़क दुर्घटना की पुष्टि की है। एसएचओ गोहर चांद किशोर ने बताया कि बस चालक के खिलाफ लापरवाही का मामला दर्ज किया गया है तथा हादसे की जांच की जा रही है।
घायलों में नरपत राम पुत्र नरोतम राम निवासी गधीमण, डोला राम पुत्र हिमत राम निवासी देवीदहड़, गुमता देवी पत्नी तरित्र कुमार निवासी चांदपुर, मनीष कुमार पुत्र तरित्र कुमार निवासी चांदपुर, बस चालक हीरा सिंह पुत्र पूर्ण चंद निवासी बखलवाहर, हरि प्रिया पुत्र सोहन निवासी सुनहार, बतीरथी प्रसाद पुत्र ओमचंद निवासी बागा, डिकन पुत्र नरेश निवासी सुनैहर, खेमचंद पुत्र गौणू राम निवासी छातरू, दुषांत कुमार पुत्र हमेश कुमार निवासी सीमाधार, डिंपल पुत्र बेसर निवासी सीमाधार, मितल पुत्र चुनीलाल निवासी सीमाधार, खेखराम पुत्र तुला राम निवासी सरौण, कांशीराम पुत्र हिमत निवासी गाडागुशैणी, प्रोमिल पत्नी राजकुमार निवासी सेगलू और श्रुति पुत्र राजकुमार निवासी सेगलू के रूप में पुलिस ने की है। जानकारी के अनुसार बस नंबर एचपी 65-1712 जंजैहली से मंडी के लिए वीरवार को जंजैहली से सुबह रवाना हुई।
जैसे ही बस डडोह के पास दोपहर करीब 12 बजे सीमाधार के पास पहुंची तो अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे खेतों में जा गिरी। बस गिरने की सूचना मिलते ही ग्रामीण बचाव कार्य के लिए मौके पर पहुंचे। जहां 108 की मदद से सभी घायलों को तुरंत नागरिक चिकित्सालय गोहर भर्ती किया गया। जहां से बस चालक हीरा सिंह और टिंपल को मंडी रेफर किया गया है। एसडीएम गोहर राघव शर्मा और तहसीलदार मुंशी राम ने घटना स्थल का दौरा किया। जिसके बाद गोहर नागरिक चिकित्सालय में एसडीएम ने घायलों का हाल जाना। प्रशासन ने घायलों को 5 -5 हजार रुपये फौरी राहत के रूप में प्रदान किए। एसएचओ गोहर चांद किशोर ने बताया कि पुलिस हादसे की जांच कर रही है। बताया जा रहा है कि बस 100 मीटर आगे या पीछे से गिरी होती तो बड़ा हादसा हो सकता था।