सोलन। जिले में लगातार बारिश ने कहीं राहत बरसाई है तो कहीं आफत। चायल में शनिवार देर रात से रुक रुक कर बर्फबारी होती रही। यह क्रम शनिवार दोपहर तक चला, लेकिन भारी बारिश के बीच बर्फ जम नहीं सकी। वहीं बारिश के चलते जहां एक ओर किसानों के चेहरे खिल उठे हैं, वहीं आईपीएच, एचआरटीसी, पीडब्ल्यूडी व विद्युत बोर्ड की मुश्किलें भी खड़ी हो रही हैं। इसी प्रकार कसौली में भी बर्फ के फाहे गिरे। बारिश से एचआरटीसी के आधा दर्जन के करीब रूट प्रभावित हुए हैं। इस दौरान दिन के तापमान में पांच से छह डिग्री की गिरावट दर्ज की गई, जबकि रात का तापमान भी एक डिग्री तक गिर गया। शनिवार को दिन का अधिकतम तापमान 12.2 डिग्री व न्यूनतम तापमान 6.2 डिग्री दर्ज किया गया। इस दौरान जिले में दोपहर 2:50 बजे तक 21.8 एमएम बारिश दर्ज की गई। नौणी विवि के विभागाध्यक्ष डा. सतीश भारद्वाज के अनुसार आगामी 24 घंटे तक जिले के अधिकांश क्षेत्रों में बारिश जारी रहेगी।
ये रूट हैं प्रभावित
बारिश के चलते एचआरटीसी के आधा दर्जन से अधिक रूट प्रभावित रहे। इसमें बर्फ से चायल से शिमला जाने वाली बसें बंद रहीं। इसके अतिरिक्त लंबे रूटों में मानवा से सोलन, टौंडा-सोलन, थाना-सोलन-चंडीगढ़ तथा लोकल रूटों में राजगढ़ समेत कई स्थानों पर बसें बारिश के कारण निर्धारित समय से कुछ लेट पहुंचीं।
पेयजल सप्लाई बाधित
गिरि योजना में आ रही पेयजल किल्लत शनिवार को भी जारी रही। शनिवार को कई स्थानों पर पेयजल आपूर्ति बाधित रही। इसमें शहर के साथ-साथ आसपास के गांव भी शामिल हैं। वहीं बारिश से गिरि नदी में गाद व मिट्टी आने से भी पानी फिल्टर करने में काफी मुश्किलें आती हैं। वहीं विद्युत बोर्ड ने किसी प्रकार की परेशानी से इंकार किया है।