कुनिहार (सोलन)। उपमंडल अर्की में आंगनबाड़ी केंद्रों को खुद के भवन की दरकार है। क्षेत्र के ज्यादातर आंगनबाड़ी केंद्र किराए के मकानों में चल रहे हैं। इसमें प्राइमरी स्कूल, युवक मंडल, महिला मंडल समेत विभिन्न विभागों के कार्यालय भी शामिल हैं। हालांकि सरकार ने मनरेगा के तहत आंगनबाड़ी केंद्रों के भवन निर्माण का प्रावधान किया है। लेकिन मनरेगा में बजट की कमी और भवन के लिए जगह नहीं मिलना से भवनों का निर्माण लटका है।
मौजूदा समय में अर्की उपमंडल में कुल 290 आंगनबाड़ी केंद्र हैं, इसमें 153 केंद्र किराए के मकानों में चल रहे हैं। इसमें महिला मंडल, युवक मंडल में 65, प्राइमरी स्कूलों में 30, विभिन्न विभागों के भवनों में 30, पंचायत घरों में चार आंगनबाड़ी केंद्र चल रहे हैं। स्थानीय कोठी पंचायत प्रधान अनिल तनवर, सुरेश कुमार, अजय कुमार, विक्रम सिंह, मोहित, सुलेखा आदि ने बताया कि विभाग पंचायत भवन बनाने में खास रुचि नहीं दिखा रहा। अधिकांश आंगनबाड़ी केंद्र किराए के मकानों में चल रहे हैं। सरकार ने यदि आंगनबाड़ी केंद्र खोले हैं तो उन्हें भवन की सुविधा भी देनी चाहिए। इस बारे में सीडीपीओ हुक्म चंद ने कहा कि बजट की कमी के चलते भवनों का निर्माण नहीं हो पा रहा। इसके अतिरिक्त कई स्थानों पर भवन के लिए जगह भी नहीं मिल रही। उन्होंने कहा कि बजट आने के बाद ही भवन निर्माण हो सकेगा।