नालागढ़ की भोगपुर पंचायत के एक ईंट भट्ठे के समीप झाड़ियों में एक दिन का नवजात शिशु नालागढ़ पुलिस को मिला है। नवजात लड़के का नालागढ़ अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद पीजीआई चंडीगढ़ में इलाज किया गया। इसके बाद पुलिस ने चाइल्ड केयर होम शिमला में देखरेख के लिए भिजवा दिया है। मामले में किसी अविवाहिता के इस प्रकार झाड़ियों में बच्चा गिराए जाने की संभावना व्यक्त की जा रही है। बहरहाल नालागढ़ थाना पुलिस ने इस संबंध में धारा 317 के तहत मामला दर्ज किया है।
और पढ़ें
जानकारी के अनुसार भोगपुर पंचायत के एक ईंट भट्ठे के समीप एक छोटी सी बच्ची ने झाड़ियों से बच्चे की रोने की आवाज सुनी। बच्ची ने वहां काम कर रहे कामगारों को इसकी सूचना दी। इसके बाद पुलिस थाना में मित्र पाल पुत्र सुन्दरा निवासी उत्तर प्रदेश ने इसकी जानकारी दी। मित्र पाल ने बताया कि बीते शनिवार की देर रात जब यह अपने कमरे में था तो इसके भाई की लड़की ने बताया कि झाड़ियों में से किसी बच्चे के रोने की आवाज आ रही है, वह अन्य मजदूरों को लेकर पहुंचा तो देखा कि झाड़ियों के बीच एक नवजात शिशु रो रहा था। एसपी बददी बिशेर सिंह ने बताया कि नवजात का स्वास्थ्य बेहतर है और उसे शिमला चाइल्ड केयर होम भेज दिया गया है।